बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल के ए ब्लॉक में जिले की पहली 80 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मशीन को स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है और संभावना है कि अगले पखवाड़े के भीतर इसकी सेवाएं मरीजों के लिए शुरू कर दी जाएंगी।
विज्ञापन
बहादुरगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों या फिर रोहतक व दिल्ली जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों को अतिरिक्त खर्च और समय दोनों की परेशानी झेलनी पड़ती थी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नई मशीन से हेड इंजरी का सीटी स्कैन मात्र 650 रुपये में किया जाएगा जो निजी सेंटरों की तुलना में काफी कम है। वहीं बीपीएल परिवारों, कर्मचारियों और पेंशनर्स, दुर्घटनाग्रस्त मरीजों, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति वर्ग और अर्बन स्लम के निवासियों सहित सात पात्र श्रेणियों के मरीजों की जांच निशुल्क होगी।
विज्ञापन
नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय देशवाल ने बताया कि अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने से बाहर रेफर किए जाने वाले करीब 70 प्रतिशत मामलों में कमी आने की उम्मीद है। इससे गंभीर मरीजों की समय पर जांच हो सकेगी और इलाज की प्रक्रिया भी तेजी से शुरू की जा सकेगी।