बहादुरगढ़। दो अक्तूबर की शाम बहादुरगढ़ से दिल्ली जा रही दिल्ली कैंट एक्सप्रेस में एक युवक को जांच के दौरान 80 लाख रुपयों से भरे बैग के साथ जीआरपी थाना पुलिस ने पकड़ा था। मामले में रोहतक के एक बड़े सोना-चांदी व्यापारी का नाम सामने आया है। उक्त व्यापारी से जीआरपी थाना पुलिस ने फोन पर संपर्क किया तो उसका फोन बंद आया। पुलिस ने अपनी जांच तेज करने के साथ-साथ मामला गुरुग्राम के आयकर विभाग को सौंप दिया है। आयकर विभाग की ओर से जांच के बाद तय किया जाएगा कि यह रकम वैध है या नहीं। कोर्ट ने अपने आदेश में बरामद रकम को सरकारी खजाने में जमा करने के आदेश दिए हैं।
पूछताछ में पकड़े गए युवक रोहतक के मायना गांव निवासी राहुल गोयल ने पुलिस को बताया कि यह रकम रोहतक के एक बड़े सोना व्यापारी की है। इस रकम से वह दिल्ली के करोलबाग में सोना-चांदी खरीदने के लिए ले जा रहा था लेकिन जब पुलिस ने उस व्यापारी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन लगातार बंद मिला।
आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अब विभाग राहुल और व्यापारी दोनों से पूछताछ करेगा। अगर इस रकम का कोई वैध हिसाब-किताब नहीं मिलता है तो राशि को सीज कर सरकार के खजाने में जमा कराया जाएगा।
यह है मामला
दो अक्तूबर की शाम जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर दिल्ली कैंट एक्सप्रेस की बोगी की चेकिंग के दोरान एक युवक को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस टीम को देखकर वह डर गया। शक होने पर जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से 80 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इतनी बड़ी राशि देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। युवक को तुरंत जीआरपी थाने ले जाकर पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार थाने में भी राहुल कोई ठोस जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने आयकर विभाग को इसकी जानकारी दी और मामला दर्ज किया।
वर्जन
बरामद की गई पूरी रकम को अदालत में पेश किया गया। जहां से अदालत ने फिलहाल रकम को सरकारी खजाने में जमा कराने के आदेश दिए हैं। हालांकि छुट्टी होने के कारण राशि अभी जमा नहीं हो सकी है। अब आगे की जांच आयकर विभाग करेगा और यही तय करेगा कि यह रकम वैध है या नहीं।
-सत्यप्रकाश, इंस्पेक्टर, जीआरपी थाना प्रभारी, बहादुरगढ़।
-