बहादुरगढ़। शहर के नजफगढ़ रोड पर स्थित शास्त्री नगर में एक 72 वर्षीय बुजुर्ग की सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। वारदात की सूचना मिली तो थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और शहर के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतक के पुत्र के बयान पर शास्त्री नगर निवासी नवीन के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शास्त्री नगर में रहने वाले 72 वर्षीय बुजुर्ग भगवान सिंह घर से कुछ दूरी पर अपने प्लॉट पर चिनाई का कार्य करा रहे थे। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे वह चिनाई कार्य में लगे मजदूरों और मिस्त्रियों के लिए चाय लेकर जा रहा था। वहीं पर रास्ते में एक युवक ने उन पर ईंटों से हमला कर दिया। इसमें उनके सिर में गंभीर चोर्टें आईं। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग भगवान सिंह को तुरंत शहर के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। वारदात का पता लगते ही पुलिस भी नागरिक अस्पताल में पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। थाना शहर पुलिस ने मृतक भगवान सिंह के पुत्र मुकेश के बयान पर पड़ोस में ही रहने वाले युवक नवीन के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर लिया है। मुकेश ने बताया है कि जिस प्लॉट में उन्होंने चिनाई लगाई हुई है। वहां पर सुबह के समय पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसी परिवार के युवक पर शक जताया गया है।
शास्त्री नगर में एक बुजुर्ग की हत्या करने की वारदात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के बेटे मुकेश के बयान पर शास्त्री नगर निवासी नवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को दे दिया है।
-विजय कुमार, इंस्पेक्टर, इंचार्ज थाना शहर।