अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। अनाज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था न होने से आढ़ती काफी परेशान हैं। सामान और दुकानों की सुरक्षा के लिए चौकीदार तक की व्यवस्था नहीं है। चौकीदार की नियुक्ति की मांग आढ़ती कई दफा मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन नतीजा सिफर है। गत मंगलवार रात जहां एक दुकान से ग्वार के दो कट्टे चोरी हो गए तो वहीं पशुओं ने एक अन्य दुकान के बाहर रखे ग्वार के कट्टों को सींग मारकर फाड़ डाला। इन घटनाओं से खफा आढ़तियों ने बुधवार सुबह रोष प्रदर्शन किया। इसके बाद आढ़ती मार्केटिंग बोर्ड सचिव बसंत कुमार से मिले और मंडी में सुरक्षा व्यवस्था कराने की मांग की।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात नई अनाज मंडी स्थित दुकान नंबर-283 के बाहर रखे ग्वार के कट्टों को लावारिस पशुओं ने अपना निशाना बनाया। पशुओं ने यहां रखे सात-आठ कट्टों को फाड़ डाला। इसमें ग्वार जमीन पर बिखर गई। वहीं, दो कट्टे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया जिसके चलते आढ़ती को हजारों का नुकसान झेलना पड़ा। आढ़ती सुशील आलोक मित्तल, प्रवीन, मुरली, प्रवीन, विनोद गर्ग, रामबिलास, शंकर और जगमोहन ने बताया कि अनाज मंडी में सुरक्षा राम-भरोसे है। यहां न तो मार्केटिंग बोर्ड ने चौकीदार नियुक्त कर रखा है, न ही पशुओं के मंडी में एंट्री लेने से रोकने का कोई प्रबंध किया गया है। इसके चलते आढ़ती पिछले लंबे समय से परेशान हैं। आढ़तियों का कहना है कि मंडी में हर साल से दस से 12 चोरी की घटनाएं होती हैं। जिला प्रशासन और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को भी इन घटनाओं से अवगत करवाकर चौकीदार की नियुक्ति की मांग की जा चुकी है। बुधवार सुबह चौकीदार की कमी और लावारिस पशुओं से परेशान आढ़तियों एकत्रित होकर नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया। आढ़तियों ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड प्रतिवर्ष नई अनाज मंडी की सफाई और चौकीदार की तैनाती के लिए ठेका देती है। ठेकेदार मंडी में व्यवस्थाएं करने में लापरवाही करता है। इस कारण फसल के सीजन में लावारिस पशु नुकसान करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों में 25 से अधिक चोरी की वारदातें हो चुकी हैं लेकिन इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था के प्रति अधिकारी गंभीर नहीं है।
ये हो चुकीं अनाज मंडी में चोरी की घटनाएं
- दुकान नंबर 227 से पिछले साल ग्वार के कट्टे अज्ञात ने चोरी किए थे।
- दुकान नंबर 101 से अप्रैल 2018 में बिजली की मोटर चोरी की थी।
- ढाई साल पहले दो दुकानों से एक ट्रक ग्वार के कट्टे चोरी हुए थे।
- दुकान नंबर 298 से अक्तूबर 2018 में दस ग्वार के कट्टे चोरी हुए थे।
आढ़तियों से मिलकर चौकीदार की नियुक्ति की मांग की है। इस बारे में ठेकेदार को तलब किया कर कड़े निर्देश दिए हैं। जल्द ही सभी समस्याओं का समाधान करवा दिया जाएगा। - बसंत कुमार, सचिव, मार्केटिंग बोर्ड