अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। उमंग व प्रेम का प्रतीक होली का त्योहार बुधवार को इलाके में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कई स्थानों पर होलिका पूजन-दहन किया गया। कहीं धार्मिक कार्यक्रम हुए, तो कहीं पर फाग से पहले ही रंगों की होली खेली गई। बाजारों में भी खूब रौनक लगी रही। शहर में कई स्थानों पर होली बनाई गई थी। होली पूजन के लिए क्षेत्र में सुबह से ही महिलाएं अपने बच्चों के साथ घरों से निकलनी शुरू हो गईं। बच्चे टॉफी और बिस्कुट से बनी मालाएं व गाय के गोबर से बने बुरकले हाथ में लेकर होलिका स्थल तक पहुंचे। महिलाओं ने होली के उपलक्ष्य में व्रत रखने व सास का आशीर्वाद लेने की परंपरा को निभाया। महिलाओं और बच्चों ने पूजन के बाद होलिका की परिक्रमा की और बुजुर्ग महिलाओं ने गीत गाए। होली पूजन करने आई एक बुजुर्ग महिला सावित्री देवी ने बताया कि फाल्गुन माह में आने के कारण इस पर्व को फाल्गुन उत्सव भी कहते हैं। उधर, गांवों में पारंपरिक पूजन देखने को मिला। यहां महिलाओं ने मंगल गीत गाए। गांव मातन में होलिका पूजन करने के बाद महिलाओं ने गांव के पवित्र तालाब के पानी से मिट्टी निकालते की रस्म पूरी की।
यहां हुआ पूजन और दहन
पुराना शहर में बोड़ा कुआं चौक, मांडोठी बाजार, सैनीपुरा, किला मोहल्ला, मेला ग्राउंड, पटेल नगर, आर्य नगर, लाइनपार, माल गोदाम रोड, शंकर गार्डन, 22 फुटा रोड, नेताजी नगर सहित कई कॉलोनियों में होलिका पूजन किया गया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास बोड़ा कुआं चौक पर शाम के वक्त काफी रौनक रही। दिनभर होलिका पूजन हुआ। शाम को एक बार फिर से पूजन के साथ होलिका दहन कर दिया गया। बांबे वाली गली, व्यास गली, इमली वाली गली, जैन मंदिर, गौगोरा, उत्तम कॉलोनी, खटीक मोहल्ला सहित कई कॉलोनियों के लोग यहां पहुंचे। महिलाओं ने हरियाणवी गीत गाएं और पुरुष ढोल की थाप पर झूमे।
बाजारों में रही रौनक
होली के दिन शहर के तमाम बाजारों में रौनक रही। रेलवे रोड, नाहरा-नाहरी रोड, मेन बाजार, झज्जर रोड, नजफगढ़ रोड, बराही रोड सहित अन्य बाजारों में पिचकारियों और रंगों से सजी दुकानों पर ग्राहकों की दिनभर भीड़ लगी रही। छोटे बच्चों ने पिचकारियां तो युवाओं ने गुलाल व रंगों की जमकर खरीदारी की। मिष्ठान भंडारों पर भी रौनक रही।