चरखी दादरी। दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग पर स्थित जयश्री मोड़ पर बुधवार देर शाम एक कार और ऑटो में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से अनियंत्रित ऑटो सड़क किनारे पलट गया। घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं, बौंदकलां थाना पुलिस के पास घटना की सूचना पहुंच चुकी है लेकिन वीरवार शाम तक घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम एक ऑटो बौंदकलां के लिए दादरी से चला था। इसमें आठ लोग सवार थे। जब ऑटो कमोद गांव के अड्डे से निकलकर जयश्री गांव के मोड़ पर पहुंचा तो रोहतक की तरफ से आ रही फिगो कार से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। कार की टक्कर लगने के बाद ऑटो चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते ऑटो कच्चे में खड़ी कीकरों के बीच पलट गया। हादसे में ऑटो सवार छह लोग घयल हो गए। वहीं हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटनाग्रस्त फिगो कार सड़क के बीचोंबीच खड़ी होने के चलते दादरी-रोहतक मुख्यमार्ग की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो गई। वहीं, यहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए सिविल व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। घायलों के पुलिस बयान दर्ज नहीं होने के चलते उनके नामों की पुष्टि नहीं हो पाई। बौंदकलां थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज होने के बाद ही पुलिस आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी।