अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। जिले में सड़क सुधार के लिए 16.54 करोड़ रुपये की चार सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने से शीघ्र इन सड़कों का निर्माण कार्य आरंभ होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय से स्वीकृत सड़कों में छुछकवास-मातनहेल-बहु-कारोली रोड, झज्जर शहर में डायवर्जन रोड, बेरी गेट से बस स्टैंड रोड तथा खातीवास से ग्वालिशन संपर्क रोड शामिल है। इन सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग (भवन एवं मार्ग) द्वारा किया जाएगा। इसके लिए टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया भी मंजूर की जा चुकी है।
सुंदरहेटी में रखी गई थी मांग
राज्य के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह के बीते दिनों गांव सुंदरहेटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की ओर से छुछकवास-मातनहेल-बहु-कारोली सड़क के निर्माण की मांग रखी गई थी। लोक निर्माण मंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर इस सड़क के साथ-साथ जिले की तीन अन्य सड़कों के सुदृढ़ीकरण की परियोजना को स्वीकृत किया था।
बजट हो चुका है आंवटित
विभाग ने सड़कों के निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस सड़कों के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करते हुए बजट भी आवंटित कर दिया। इसके चलते अब टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे ताकि सड़कों का निर्माण जल्द से जल्द आरंभ कराया जा सके। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से जिले में सड़कों के सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा मिलेगा साथ ही आमजन का आवागमन सरल होगा।
इन सड़कों पर खर्च होंगे साढे़ 16 करोड़
सड़क का नाम स्वीकृत लागत
छुछकवास-मातनहेल-बहु-कारोली रोड 949.26 लाख रुपये
डायवर्जन रोड झज्जर 301.56 लाख रुपये
बेरी से गेट से बस स्टैंड रोड 187.09 लाख रुपये
खातीवास से ग्वालिशन रोड 217.08 लाख रुपये
सरकार की ओर से सड़क निर्माण कार्य के लिए बजट आवंटित किया जा चुका है। अगले सप्ताह तक इसके लिए टेंडर लगा दिया जाएगा। जिस पर मार्च माह के अंत तक निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
वीएस मलिक, कार्यकारी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, झज्जर।