अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। सेक्टर-16 स्थित एचएसआईआईडीसी के अंतर्गत ब्लोअर बनाने वाली कंपनी में काम कर रहे करीब 100 कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर कसार गांव की मुख्य सड़क पर टेंट लगाकर धरना दे रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि मांगों को लेकर जब कंपनी को डिमांड नोटिस दिया गया तो कंपनी प्रबंधन ने 11 कर्मचारियों को निकाल दिया। इसी के चलते कर्मचारियों में रोष है और वे काम से निकाले गए 11 कर्मचारियों को दोबारा काम पर लेने व मांगें को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। धरने पर बैठे कर्मचारी संगठन के प्रधान सूर्य विजय पांडेय, संदीप दलाल, महावीर सैनी, राकेश आदि ने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे। साथ ही अगर कंपनी उनकी मांग पूरी नहीं करती है तो प्रशासन के आला अधिकारियों का दरवाजा खटखटाएंगे और जल्द ही अनशन भी शुरू कर सकते हैं।
चार बैठक की इसके बाद भी नहीं निकला समाधान
श्रम अधिकारी हरीश शर्मा ने बताया कि एवरेस्ट ब्लोअर कंपनी प्रबंधन व कर्मचारियों के साथ मांगों को लेकर चार बार बैठक हो चुकी है। लेकिन अब तक बैठक किसी नतीजे तक नहीं पहुंची। कर्मचारी मांग पूरी न होने की वजह से ही धरने पर गए हैं। कंपनी प्रबंधन व कर्मचारियों से लगातार बातचीत कर समझौता कराने का प्रयास विभाग की ओर से किया जा रहा है।
ब्लैकमेल करना चाह रहे कर्मचारी
ब्लोअर निर्माता कंपनी के संचालक ध्रुव मल्होत्रा ने बताया कि जो भी कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। वह गलत डिमांड कर रहे। उनकी सभी मांगे नाजायज है। हम कंपनी एक्ट के तहत सभी कर्मचारियों को सैलरी देते हैं, लेकिन कुछ कर्मचारियों को बरगला कर धरने की आड़ में प्रबंधन को ब्लैकमेल करना चाह रहे हैं।