अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
सर्दी और कोहरे की वजह से बुधवार को रेल यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली-रोहतक रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली 7 गाड़ियां डेढ़ से दो घंटे की देरी से अपने गतंव्य पर पहुंची, वहीं डाउन लाइन पर गाड़ी 14626 छिंदवाड़ा एक्सप्रेर रद्द रही। ट्रेन की लेट लतीफी से यात्रियों को घंटों तक प्लेटफार्म पर बैठकर इंतजार करना पड़ा।
बुधवार सुबह क्षेत्र में कोहरा पड़ने के कारण सुबह 11 बजे तक धूप नहीं निकली। दो दिन पूर्व हुई बरसात के बाद एकाएक बढ़ी ठंड के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। कोहरे का असर ट्रेनों पर अधिक देखने को मिला। बहादुरगढ़ के रास्ते दिल्ली व रोहतक की तरफ आने जाने वाली कई एक्सप्रेस व पैसेंजर गाड़ियों की चाल बिगड़ी रही। रेलवे पूछताछ केंद्र के अनुसार रोहतक की तरफ जाने वाली गाड़ी संख्या 12555 गौरखधाम एक्सप्रेस 2 घंटे देरी से प्लेटफार्म पर पहुंची। 4723 कालिंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, 14323 बरेली एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, 2481 गंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस 2 घंटे देरी चल रही थी। इसी तरह दिल्ली की तरफ जाने वाली कई ट्रेनें भी लेट रही। गाड़ी संख्या 14626 छिंदवाड़ा एक्सप्रेस रद्द रही, जबकि 15910 अवध-आसाम एक्सप्रेस 2 घंटा देरी से पहुंची। इसी तरह से 14086 सिरसा एक्सप्रेस डेढ़ घंटा व दिल्ली पैसेंजर सवा घंटा देरी से प्लेटफार्म पर पहुंची। ट्रेनों की लेट-लतीफी के चलते यात्री कई देर तक प्लेटफार्म पर ठंड में ठिठुरते हुए बाट जोहते रहे।
कोहरे के चलते छिंदवाड़ा एक्सप्रेस रद्द, कई गाड़ियां लेट