-फोटो 83 : स्कूल बस का चालान करते ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी। स्रोत पुलिस
बहादुरगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर वीरवार को पुलिस ने बसों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 70 स्कूल बसों की जांच की गई। फिटनेस, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, चालक के दस्तावेज और बस स्टाफ की वर्दी व पहचान पत्र जैसी जरूरी व्यवस्थाओं को परखा गया। नियमों का पालन न करने वाले 14 स्कूली वाहनों के चालान भी किए गए।
जांच दौरान कई बसों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई। ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए 14 स्कूल बसों के चालान किए गए। जिन बसों में खामियां पाई गईं, उन्हें मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए गए और भविष्य में नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं बल्कि स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों में छोटी-छोटी लापरवाही भी बड़े हादसों का कारण बन सकती है। इसलिए सभी मानकों का पालन अनिवार्य है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले समय में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि स्कूल बसों में सफर करने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।