अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। जिले में अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक स्मिति चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना और चौकी प्रभारियों सहित स्पेशल स्टॉफ ने भी हिस्सा लिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कानून व्यवस्था, अपराध की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़, शिकायतों की जांच व निपटारा और अन्य पुलिस कार्यों से संबंधित आवश्यक निर्देश जारी किए। बैठक में डीएसपी हेड क्वार्टर जोगिंद्र सिंह, बाढड़ा डीएसपी अनिल कुमार व दादरी डीएसपी रमेश कुमार भी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का पहला कार्य कानून व्यवस्था को कायम रखना है। अपने-2 इलाके में कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए जरूरी कदम उठाएं। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में न लेने दें और जरूरत पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में होने वालों चुनावों को ध्यान में रखकर अपने इलाके का दौरा कर सभी पोलिंग बूथों को चेक करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी लाइसेंसी हथियारों को जमा करवाना भी थाना प्रभारी सुनिश्चित करें। इसके अलावा शरारती तत्वों की पहचान करें और इलाका के मौजिज व्यक्तियों के साथ बैठक करें। अपने इलाके में होने वाली प्रत्येक छोटी-बड़ी घटना पर पैनी नजर रखें। गश्त के दौरान और नाकाबंदी के दौरान प्रभावी रूप से वाहनों व लोगों की चेकिंग करें। पुलिस अधीक्षक ने बैठक में शराब, जुआ, मादक पदार्थ आदि के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के भी पुलिस टीमों को आदेश दिए। इसके अलावा वांछित अपराधियों व उद्घोषित अपराधियों को भी तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने के आदेश दिए गए। उन्होंने कहा कि सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा।
सभ्य व्यवहार न करने वाले पुलिसकर्मी पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोगों की शिकायतों को ध्यान से सुनें और कानून अनुसार त्वरित कार्रवाई करें। इसके अलावा विचाराधीन मामलों की शीघ्रता से जांच पूर्ण कर अंतिम रिपोर्ट न्यायालय में भेजे। प्रत्येक मामले में समय पर व निष्पक्ष जांच कर आरोपी को गिरफ्तार करें। महिला विरुद्ध अपराधों में शिकायत प्राप्त होती हुए तुरंत अभियोग अंकित कर जांच शुरू करे। इसके अलावा जनता में सभ्य व्यवहार करें और अपनी भाषा व वाणी पर संयम रखे। अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों व जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।