रमेश शांडिल्य
बाढड़ा। बाढड़ा उपमंडल से महेंद्रगढ़ और हिसार की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। पीडब्ल्यूडी ने लंबे समय से कंडम पड़ी नांधा-भारीवास सड़क की कायाकल्प करने की प्लान तैयार कर ली है। सड़क के निर्माण पर विभाग 2.75 करोड़ रुपये खर्च करेगा और इसके लिए टेंडर लगाए गए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले दस दिन में टेंडर ओपन होंगे और इसके तत्काल बाद अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि मार्च माह के अंत तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद दो दर्जन गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
पीडब्ल्यूडी अब नांधा गांव से भारीवास गांव तक 18 फुट चौड़ी और 19 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराएगा। यह सड़क इस समय खस्ताहाल है और पिछले लंबे समय से सड़क के दोबारा निर्माण की मांग लोग उठा रहे थे। 20 फरवरी को इस प्रोजेक्ट के टेंडर ओपन होंगे। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने कुछ समय पहले ही दो करोड़ 75 लाख रुपये का एस्टिमेट तैयार किया था। इसके बाद फाइल तकनीकी और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजी गई थी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रोजेक्ट की स्वीकृति मिलने के बाद ही टेंडर लगाए गए हैं और 20 मार्च तक इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करवा दिया जाएगा।
यह मार्ग बाढड़ा उपमंडल का वाया जुई होते हुए हिसार रोड से जुड़ाव करता है। वहीं, वाया सतनाली इस सड़क से महेंद्रगढ़ रोड का जुड़ाव है। अब पीडब्ल्यूडी बाढड़ा उपमंडल की सीमा में पड़ने वाली 19 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराएगा। इस सड़क से प्रतिदिन आठ से दस हजार वाहन चालक गुजरते हैं। पिछले लंबे समय से सड़क गड्ढों में तबदील है जिसके चलते हादसों का ग्राफ पिछले कुछ समय में यहां बढ़ा है। कदम-कदम पर बने गड्ढों के चलते यहां से गुजरने में वाहन चालकों को परेशानियां झेलनी पड़ रही थी।
इस सड़क के निर्माण पर दो करोड़ 75 लाख रुपये की लागत आएगी। भारीवास से नांधा तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा। दस दिन में इसके टेंडर ओपन होंगे और इसके तुरंत बाद वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू करवा देंगे। सड़क बनने के बाद हिसार व महेंद्रगढ़ की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को फायदा होगा। - संदीप कुमार, जेई, पीडब्ल्यूडी विभाग