झज्जर। शहर के जटिया मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की मौत डेंगू की वजह से हो गई है। शहर की जटिया कालोनी निवासी सुभाष चंद्र के परिजनों के अनुसार सुभाष को डेंगू के चलते 27 अक्तूबर को रोहतक के अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर तीन दिन रखने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं आया तो उसे दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक निजी अस्पताल में एक अक्तूबर को भर्ती करवाया गया। जहां पर डेंगू के चलते ही उसकी 4 अक्तूबर को दोपहर दो बजे मौत हो गई। डेंगू के चलते मौत होने की खबर अभी स्वास्थ्य विभाग को नहीं लगी है।
-ये है आंकड़ा
वर्ष मलेरिया डेंगू
2017 91 84
2018 54 5
-5040 को दिया जा चुका है नोटिस
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस वर्ष एंटी लारवा एक्टिविटी के तहत व्यापक पैमाने पर अभियान चलाया गया था। सिके तहत 5040 लोगों को नोटिस भी जारी किए गए। नोटिस जारी होने के एक सप्ताह बाद फिर से उन घरों में फिर से चेकिंग की गई। वहां पर लारवा नहीं मिलने पर उन्हें हिदायत देकर छोड़ा गया। वहीं अब अचानक से डेंगू पीड़ित की मौत हो जाने के चलते विभाग में हड़कंप मच सकता है। एमपीएचई एसोसिएशन की हड़ताल के दौरान बरती गई लापरवाही अब धीरे-धीरे सामने आ रही है।
वर्जन
डेंगू से पीड़ित किसी व्यक्ति की मौत हो जाने की सूचना यहां दर्ज नहीं है। पूरे साल अभियान चलाया गया था, जिसके चलते ही मलेरिया व डेंगू के मरीजों की संख्या में काफी गिरावट आई है।
डॉ. सुभाष, कार्यकारी डीएमओ, झज्जर।