अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। हड़ौदी शराब ठेके पर हथियार के बल पर गत आठ अगस्त को हुई लूट की वारदात को पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान भिवानी जिले के गांव हालुवास निवासी अनुप उर्फ देवा व पटोदी निवासी संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में शराब ठेके के सेल्समैन धारनबास निवासी संदीप की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पुलिस ने गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों को सोमवार सुबह कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें लूट के माल की बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि गत नौ अगस्त को पुलिस को दी धारनबास निवासी संदीप ने बाढड़ा थाने में लूट की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वह हड़ौदी शराब ठेके पर सेल्समैन तैनात है। गत आठ अगस्त की रात वह ठेके पर सो रहा था। इसी दौरान गाड़ी में सवार होकर तीन युवक वहां आए और ठेके में घुस गए। उक्त युवकों ने उसकी कनपटी पर पिस्टल लगा दी और ठेके में रखी करीब 23 हजार की नकदी व एक पेटी शराब लूट ले गए। इसके बाद पुलिस ने इस संबंध में सोनू बिरही, देवा हालुवास व बबल पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने इस संबंध में गत 12 अगस्त को ही सोनू बिरही कलां को गिरफ्तार कर जेल भेजा था जबकि बाकी दो आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रविवार को पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपी अनूप उर्फ देवा व संदीप को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह उनका मेडिकल करवाकर पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया और आगामी पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फिलहाल आरोपियों से पूछताछ चल रही है।