अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
जिस उम्र में बच्चे पढ़ाई की एबीसीडी सीखते हैं, उस उम्र में बहादुरगढ़ की बेटी आर्या यादव योगा में अपनी श्रेष्ठता साबित कर रही है। आर्या ने दिल्ली में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में एक बार फिर जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस जीत के साथ ही आर्या ने अगले महीने मॉरिशस में होने वाली इंटरनेशनल योग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। आर्या की उपलब्धि पर परिजनों और योग प्रेमियों ने खुशी जताई है।
दिल्ली के नवादा क्षेत्र में गत 12 अप्रैल को 15वें नेशनल योगासन चैंपियनशिप का आयोजन हुआ। बहादुरगढ़ के मांडोठी बाजार के साथ सटे गौगोरा कॉलोनी आर्या यादव पुत्री संजीच यादव ने भी भाग लिया। तीन बार की नेशनल चैंपियन आर्या ने इस बार भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। अपनी उम्र से बड़े योग खिलाड़ियों के बीच महज 6 वर्षीय आर्या ने रजत पदक हासिल किया। उसकी जीत पर परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई। जीतकर लौटने पर परिजनों उसका जोरदार अभिनंदन किया। पीडीएम स्कूल में अध्यापकों और सहपाठियों ने भी उसका सम्मान किया।
कोच ऋषभ शर्मा ने बताया कि आर्या बेहद होनहार है। महज एक साल के अभ्यास में वह एक वर्ष में नेशनल में वह तीन मेडल जीत चुकी है। इतनी कम उम्र में ऐसा प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ है। आर्या एक दिन विश्व स्तर पर भारत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ ही आर्या का इंटरनेशनल योगा चैंपियनशिप के लिए चयन हो गया है। मॉरिशस में यह चैंपियनशिप मई माह के अंत में होगी। उधर, बेटी की जीत पर पिता संजीव गदगद नजर आए। संजीव ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं। उनकी बेटी उनका नाम रोशन कर रही है।