बेरी। डीघल-बहराणा मार्ग पर हथियार के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 53 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। कर्मचारी की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच आरंभ कर दी गई।
जानकारी अनुसार गांव झांझा जिला झुंझनु राजस्थान निवासी लक्की पुत्र हेतराम हाल में फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी में क्लेक्शन के पद पर कार्यरत है। बुधवार को गांव बहराणा से रुपये का क्लेक्शन पूरा करने के बाद बरहाणा से गांव मंदाना पैसे क्लेक्शन करने के लिए जा रहा था। जब दोपहर करीब एक बजे बरहाणा से निकलकर कर्मचारी ने लघुशंका करने के लिए अपनी बाइक रोकी तो बरहाणा गांव कि तरफ से एक गोल्डन कलर की सेंट्रो कार आई और बाइक के सामने रोक दी। जिसमें से तीन नौजवान युवक उतरे उनमें से एक लड़के ने कर्मचारी को पिस्तौल दिखाई और दो लड़कों ने बैग में 53 हजार रुपये का कैश, पर्स, बाइक की चाबी और मोबाइल फोन छीनकर कार मे बैठकर गांव छोछी की तरफ भाग गए। उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर तुरंत प्रभाव से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस नाकेबंदी कर युवकों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
गांव बहराणा मार्ग पर कार सवार तीन युवकों द्वारा हथियार के बल पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 53 हजार लूटने की शिकायत मिली है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच आंरभ कर दी गई है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुरेंद्र कुमार, पुलिस चौकी प्रभारी, डीघल।