झज्जर। 17 वीं लोकसभा के गठन के लिए हो रहे आम चुनाव 2019 के अंतर्गत रोहतक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत झज्जर जिले में 12 मई रविवार को मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह बजे तक चलेगा। प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी पोलिंग बूथों पर पोलिंग पार्टी देर शाम तक पहुंच गई हैं। डीसी ने बताया कि लोकसभा चुनाव में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 798 बूथों पर मतदान करवाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने जिले में 798 बूथों पर पोलिंग करवाने के लिए रिजर्व स्टाफ सहित 3612 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मतदान प्रक्रिया की सत्त निगरानी के लिए जिले में 33 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 66 सेक्टर सुपरवाइजर और 298 माइक्रो ऑर्ब्जवर नियुक्त किए हैं। उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान बूथों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की गैर कानूनी गतिविधि से पूरी सख्ती के साथ निपटा जाएगा।
11 अन्य दस्तावेज मतदान के लिए मान्य
जिला निर्वाचन अधिकारी जून ने बताया कि जो मतदाता मतदान केंद्र पर अपना मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करने में सक्षम नहीं है , वह भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पहचान संबंधी 11 अन्य विकल्पों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने पहचान के लिए 11 अन्य विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य व केंद्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक-डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी किए गए स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सांसदों-विधायकों-विधान परिषद सदस्यों को जारी किए सरकारी पहचान पत्र व आधार कार्ड में से कोई एक दिखाकर मतदान केंद्र पर पहचान स्पष्ट की जा सकती है।
-798 मतदान बूथों पर करेंगे सात लाख, 19 हजार 502 मतदाता वोट
विधानसभा बूथ अतिसंवेदनशील संवेदनशील पुरुष महिला
झज्जर 190 29 14 87889 78641
बहादुरगढ़ 216 22 47 114464 97075
बादली 206 49 25 91033 79137
बेरी विधान सभा 186 68 19 92407 78846
मतदान के लिए आज प्राइवेट संस्थानों में रहेगा वैतनिक अवकाश : उपायुक्त
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संजय जून ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव-2019 के लिए 12 मई रविवार को मतदान के दिन वैतनिक अवकाश रहेगा। जनप्रतिनिधि अधिनियम की धारा 135 बी के तहत 12 मई को वेतन सहित अवकाश घोषित किया गया है ताकि प्राइवेट संस्थानों में कार्यरत सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि मतदान के दिन सभी दुकानें, वाणिज्य संस्थान, भवन निर्माण इकाइयां और औद्योगिक संस्थान तथा फैक्ट्रियां पूर्णतया बंद रहेंगे तथा कर्मचारियों को मतदान करने के लिए वैतनिक अवकाश मिलेगा।