अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोेरेशन (डीएमआरसी) ने एप बेस्ड कैब सर्विस शुरू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यानी अब यात्रियों को मेट्रो से उतरकर घर जाने के लिए किसी अन्य संसाधनों की राह नहीं देखनी पड़ेगी। स्टेशन से ही यात्री कैब बुक करवा सकेंगे। इस योजना के तहत कियोस्क लगाने के लिए 210 मेट्रो स्टेशन पर जगह चयनित कर दी गई हैं, जिनमें बहादुरगढ़ के भी मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
मेट्रो लगातार लोगों के सफर को सरल बना रही है। अब मेट्रो ने मुसाफिरों को उनके घरों तक पहुंचाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा दिया है। डीएमआरसी ने यात्रियों को एप बेस्ड कैब सर्विस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली व एनसीआर के 210 मेट्रो स्टेशन पर यह सुविधा मई माह से शुरू हो जाएगी। इन मेट्रो स्टेशनों पर लगभग 400 लोकेशन डीएमआरसी ने तय कर ली हैं। इन चयनित स्थानों पर बुकिंग के लिए कियोस्क लगाए जाएंगे। फिलहाल एप बेस्ड कैब सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनियों से डीएमआरसी ने प्रपोजल मांगे हैं। 10 अप्रैल तक कंपनियों को प्रपोजल सबमिट कराने हैं। बता दें कि फिलहाल राजीव चौक, द्वारका, सेक्टर-21, एमजी रोड, नोएडा सेक्टर-18, लाजपत नगर व कालकाजी में ये सुविधा है। अब डीएमआरसी इसे विस्तार दे रही है।
यात्रियों को होगा लाभ
सुरक्षा की दृष्टि से मेट्रो की यह योजना यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगी। अक्सर मेट्रो स्टेशन से उतरने के बाद लोग ऑटो या रिक्शा के जरिये अपने घर, ऑफिस तक पहुंचते हैं। रात को जब कई बार सवारी वाहन नहीं मिलते तो मजबूरन लोगों को पैदल जाना पड़ता है, ऐसे में वारदात होने की आशंका भी बनी रहती है। बहादुरगढ़ में कई यात्री वारदातों का शिकार हो चुके हैं। कुछ दिनों पहले जब आर्य नगर निवासी एक व्यक्ति को मेट्रो स्टेशन से ऑटो नहीं मिला तो वह पैदल ही घर को चल दिया था। रात को बाइक सवार दो युवकों गला दबाकर उसके साथ लूटपाट की थी। अभी हाल ही में एक युवती के साथ भी छीना झपटी का प्रयास हुआ था। ऐेसे में जब डीएमआरसी एप बेस्ड कैब सुविधा शुरू कर रही है तो लोग बिना किसी फिक्र के स्टेशन से ही कैब बुक कर सीधे घर जा सकेंगे।
ऑफलाइन होगी बुकिंग
इस प्रोजेक्ट के तहत मेट्रो स्टेशन पर ही ऑफलाइन कैब बुकिंग की सुविधा दी जाएगी। जिन लोगों के पास स्मार्ट फोन नहीं हैं या फिर जिनको एप से कैब बुक करनी नहीं आती वे स्टेशन पर आसानी से कैब बुक करवा सकेंगे। यात्री कियोस्क में बुकिंग का स्टेट्स व कैब की लोकेशन भी देख सकेंगे। डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ महीने पहले सात स्टेशनों पर इसे लागू कर एक प्रयास किया गया था जो सफल रहा। अब इसे सभी स्टेशनों पर शुरू किया जाएगा।