अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। रेलवे स्टेशन को रोहतक-दिल्ली मार्ग से जोड़ने वाले रेलवे रोड मार्ग पर शहीद कैप्टन कुलदीप सिंह राठी (वीर चक्र) के नाम से प्रवेश द्वार बनवाने की मांग उठी है। इस संबंध में गांव सांखोल के लोगों ने सोमवार को नगर परिषद कार्यालय में पहुंचकर चेयरपर्सन शीला राठी को ज्ञापन सौंपा। नगर परिषद की ओर से भी इस संबंध में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। शहीद कैप्टन कुलदीप सिंह राठी का जन्म बहादुरगढ़ खंड के गांव सांखोल में 1 अगस्त 1947 को हुआ था। 1968 में इन्हें कमीशन मिला और सेना में कैप्टन बने। वर्ष-1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में इन्होंने दुश्मनों से जमकर लोहा लिया और इसी लड़ाई में शहीद हो गए। मरणोपरांत इन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया। नगर परिषद को दिए ज्ञापन में सांखोल निवासी राजेश कल्सन ने कहा कि वर्ष-1972 में रेलवे रोड का नाम शहीद कैप्टन कुलदीप सिंह राठी मार्ग रखा गया था। उस समय यहां पर साइन बोर्ड भी लगाया गया था लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने बोर्ड हटवा दिया, इसके बाद प्रशासन ने भी ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि कैप्टन कुलदीप सिंह क्षेत्र के पहले ऐसे शहीद थे, जिन्हें मरणोपरांत वीर चक्र का सम्मान मिला। आज लोगों को पता ही नहीं है कि इस मार्ग का नाम क्या है। मार्ग से उनके नाम की निशानी हटाया जाना शहीद का अपमान है, नगर परिषद इस ओर गंभीरता से ध्यान दे और यहां उनके नाम से प्रवेश द्वार बनवाए। इससे शहीद कैप्टन सिंह का सम्मान होगा और युवा पीढ़ी को भी उनके बारे में जानकारी मिलेगी। ज्ञापन देने वालों में जितेंद्र, सतीश, हरजीत सिंह, मुकेश, प्रवेश व देवेंद्र भी शामिल रहे।
मांगपत्र मिल गया है। रिकॉर्ड चेक कराया जा रहा है। यदि रिकॉर्ड में रेलवे रोड शहीद कुलदीप सिंह राठी के नाम से मिला तो इस दिशा में उचित कार्रवाई की जाएगी।
शीला राठी, चेयरपर्सन, नगर परिषद बहादुरगढ़।