अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। पुलवामा में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों को पिछले चार दिनों से बच्चे, बूढ़े और युवा श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं सभी के जुबान पर पाक को सबक सिखाने की बात भी है। सोमवार को शहीदों को नमन करने के लिए पूर्व सैनिक नगर में निकले। इस दौरान उन्होंने पाक का झंडा जलाया और शहर भर में प्रदर्शन कर शहादत की कीमत पाक से वसूलने की मांग दोहराई। पूर्व सैनिकों ने कहा की सरकार चाहे तो वे फिर से बार्डर पर जाकर बंदूक उठाने को तैयार है और अगर धन की जरूरत हो तो वे अपनी पेंशन सरकार को दे सकते हैं। इनके साथ पूर्व अर्द्धसैनिक संगठन भी विरोध में उतरा। पूर्व सैनिक सोमवार को सैकड़ों की संख्या में शहर के राव तुलाराम चौक पर जुटे। यहां से वह प्रदर्शन करते हुए शहर के बीचोंबीच से गुजरते हुए आंबेडकर चौक पर पहुंचे और वहां जाकर उन्होंने पाक के मुर्दाबाद के नारे लगाए और पाकिस्तान का झंडा भी जलाया। पूर्व सैनिकों के साथ गो रक्षक दल के सदस्य भी शामिल रहे।