अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। नगरपालिका में शुक्रवार को हाउस की मीटिंग हंगामेदार रही। करीब तीन घंटे तक चली मीटिंग में ऐसे मौके कई बार आए, जब पार्षद अधिकारियों के साथ व आपस में ही उलझे। मीटिंग में सबसे महत्वपूर्ण यह रहा कि नगर पालिका को नगर परिषद बनाने का एजेंडा पास हो गया। इसमें अब आसपास के चार-पांच गांवों को जोड़ा जा सकता है। इसके लिए पंचायतों से परिषद में शामिल होने के लिए प्रस्ताव मांगा जाएगा। इसके बाद दोनों ही प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय के मुख्यालय को भेजा जाएगा।
सफाईकर्मियों को लेकर हंगामा
सफाई कर्मचारियों की मांग को लेकर पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। पार्षदों का कहना था कि कुछ वार्डों में तो दो से तीन सफाई कर्मी हैं तो वहीं कुछ में आठ-आठ सफाई कर्मी दिए गए हैं। इस पर नपा सचिव ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि सभी वार्ड में एक समान पांच-पांच सफाई कर्मी दिए जाएंगे, जिसके बाद पार्षद शांत हुए। लेकिन पार्षदों ने सभी सफाई दरोगा को बदलने की मांग भी कर डाली है।
मनोनीत पार्षद बोला : अधिकारियों की कोठियों से हटाओ सफाई कर्मी
मनोनीत पार्षद विकास नांदल ने कहा कि जब शहर के पार्षद इतनी परेशानी शहर में सफाई को लेकर बता रहे हैं तो सरकारी कोठियों पर भेजे जाने वाले 40 सफाई कर्मचारियों को वहां से हटाकर वार्डों में लगाना चाहिए। जिस पर सचिव ने कहा कि यह आपके सहयोग से हो सकता है। पार्षदों ने कहा कि वे सहयोग के लिए तैयार हैं लेकिन कोठियों पर सफाई कर्मचारी नहीं जाने चाहिए।
हंगामे के बाद सड़क के नामकरण पर बनी सहमति
बीकानेर चौक से पुराना तहसील रोड का नामकरण चौधरी मनफूल के नाम पर करने का प्रस्ताव पार्षद महेंद्र वर्मा ने दिया। जिस पर पार्षद सरजीत गुर्जर ने ऐतराज जताया। उनका साथ देते हुए पार्षद प्रतिनिधि टेकचंद गुर्जर, पार्षद पति दिनेश यादव, महाबीर गुर्जर ने कहा कि इसे पेंडिंग छोड़ दिया जाए क्योंकि पार्षद सरजीत को इस पर ऐतराज है। लेकिन पार्षद घनश्याम गुर्जर इस बात पर अड़ गए कि अगर किसी को ऐतराज है तो वोटिंग करवा ली जाए। क्योंकि चौधरी मनफूल सिंह ने जिला गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, ऐसे व्यक्ति के नाम पर सड़क का नामकरण होना चाहिए। कुछ देर तक हंगामा रहने के बाद पार्षद सरजीत गुर्जर को मना लिया गया, जिसके बाद एजेंडा सर्वसम्माति से पास हो गया।
पार्षद पति सैनी व गुर्जर के बीच कहासुनी
चौधरी मनफूल सिंह को लेकर सड़क नामकरण के विवाद में जब पार्षद सरजीत गुर्जर बोल रहे थे तो पार्षद पति कमल सैनी ने सवाल किया कि क्या सभी एजेंडे उसकी सहमति से ही होंगे। इस पर सरजीत गुर्जर भी भड़क गए। उन्होंने कमल सैनी की तरफ फेंकने के लिए कुर्सी उठानी चाही लेकिन साथ बैठे पार्षदों ने उन्हें पकड़ लिया। फिर काफी देर विवाद चलने के बाद दोनों को शांत करवाया गया।
डाकखाना चौक में खाली होंगे बरामदे
पार्षद सरजीत गुर्जर ने नगर पालिका अधिकारियों से सवाल उठाया कि डाकखाना चौक में बनी नपा की दुकानों के बरामदे कैसे कवर कर लिए गए। बारिश के समय आम आदमी वहां खड़ा भीगता है तो और दुकानदार मजे लेते हैं। इस पर नपा सचिव ने बताया कि 25 दुकानदारों को इसके लिए नोटिस दिया गया है, लेकिन ऑर्डर कॉपी मांगने पर वे नहीं दिखा सके। मीटिंग में प्रस्ताव पास हुआ कि दुकानदारों से बरामदे खाली करवाए जाएं।
इन एजेंडों पर लगी मुहर
1. नपा को नगरपरिषद बनवाने के लिए।
2. धारा-35 के तहत करवाए गए कार्यों की सूचना के संबंध में।
3. शहर का डिजिटल नक्शा तैयार करवाने का कार्य एजेंसी को सौंपने के लिए।
4. गोशाला में छोड़े गए 64 पशुओं की अनुदान राशि जारी करना।
5. सरकारी कार्य के लिए कार-जीप किराये पर लिए जाएंगे।
6. शहर की सफाई के लिए स्वीपिंग मशीन खरीदना।
7. भवन नक्शों की स्वीकृति देना।
8. छोटे बाईपास से शहर में आने वाली हर सड़क के दोनों तरफ डिवाइडर बनाने के लिए।
9. नपा सीमा में स्वागत गेट लगवाने के लिए।
10. कॉलोनी व वार्डों के दिशासूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
11. कार्यालय प्रयोग के लिए बाइक खरीदी जाएगी।
12. पैनल पर नियुक्त अधिवक्ताओं के बिलों का भुगतान किया जाएगा।
13. पुुराना तहसील रोड होगा अब चौधरी सुलतान सिंह मार्ग।
इन पर नहीं बनी बात
1. दुकान नंबर-53 के साथ लगती जमीन को दुकान में शामिल करने संबंधी।
2. सफाई निरीक्षक बंसी के अनुपस्थित रहने पर पद से हटाने के लिए।
3. सिलानी गेट की 700 वर्ग गज जगह पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने से जुड़ी बात।
4. रामलीला ग्राउंड के सामने पड़ी जमीन के व्यावसायिक प्रयोग करने संबंधी।
5. घरेलू मीटरकृत पानी के बिलों की दर निर्धारण करने पर।
6. नपा सीमा में सैनिटेशन यूजर चार्ज लगाने।
................
हाउस की मीटिंग में 13 एजेंडों पर मुहर लगी है, वहीं कुछ पर असहमति बनी है। नगरपालिका को नगर परिषद में बदलने का एजेेंडा पास हो गया है। वहीं शहर के सुंदरीकरण से जुड़े तीन अन्य महत्वपूर्ण एजेंडों को भी पास किया गया है।
नरेंद्र सैनी, नपा सचिव, झज्जर।