लिफ्टिंग धीमा रहने पर एसडीएम ने खरीद एजेंसियों को फटकारा
चरखी दादरी। एडिशनल चीफ सेक्रेटरी आज अनाज मंडी का दौरा करेंगे लेकिन उठान कार्य अभी तक पूर्णतया रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। मंगलवार देर शाम एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने औचक निरीक्षण कर खरीद कार्य और लिफ्टिंग का रिकॉर्ड जांचा। इस दौरान एसडीएम लिफ्टिंग की रफ्तार से कतई संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने मौके पर ही खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को फटकारा। उन्होंने तुरंत प्रभाव से तेजी से गेहूं का उठान करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम ने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए।
वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे एसडीएम ओमप्रकाश देवराला निरीक्षण करने अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने वेयर हाउस कॉरपोरेशन, हैफेड, एफसीआई व खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद एसडीएम ने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों सहित सभी खरीद एजेंसियों की बैठक ली। सूत्रों की मानें तो एसडीएम खरीद एजेंसियों द्वारा अब तक किए लिफ्टिंग कार्य से कतई संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाने के साथ-साथ उठान कार्य में तेजी लाने और अधिक से अधिक गेहूं खरीद करने के निर्देश दिए। इस दौरान आढ़तियों ने भी एसडीएम को अपनी समस्याएं गिनवाई। उन्होंने मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए। एसडीएम चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उठान कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो संबंधित पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
शुक्रवार को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी अनाज मंडी का जायजा लेने आएंगे। इससे पहले मैं शाम को मंडी का औचक निरीक्षण करने गया था। लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश मैंने खरीद एजेंसियों को दिए हैं। मंडी आढ़तियों ने जो समस्याएं बताईं उनके समाधान के लिए मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं।
ओमप्रकाश देवराला, एसडीएम