अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
स्थानीय भाजपा नेताओं के पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह की वीरवार को जींद में आयोजित हुई रैली में भारी संख्या में बाइक सवार कार्यकर्ताओं को ले जाने के दावे धरे रह गए। नेता कई दिन से दावा कर रहे थे कि चार हजार बाइकों पर लगभग आठ हजार कार्यकर्ता जींद जाएंगे। लेकिन क्षेत्र से करीब 1100 मोटरसाइकिलें ही जींद रैली के लिए रवाना हुई। इस दौरान भाजपा नेताओं की गुटबाजी भी खुलकर उजागर हो गई। विधायक कौशिक, जिलाध्यक्ष दलाल व जिला परिषद अध्यक्ष परमजीत बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तीनों नेता अलग-अलग काफिले लेकर रैली में गए। इनमें आधे से अधिक कार्यकर्ता बिना हेलमेट बाइक लेकर जाते दिखाई दिए। इनेलो जिलाध्यक्ष कर्मवीर राठी की अगुवाई में करीब 40 कार्यकर्ताओं ने जींद जा रहे भाजपाइयों को काले झंडे दिखाए। इस दौरान प्रवीण छिल्लर पार्षद, राजू दलाल पूर्व पार्षद, जोगिंद्र खत्री पूर्व पार्षद, राजेश तंवर पूर्व पार्षद, विपिन अग्रवाल आदि इनेलो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रैली में अलग-अलग गए भाजपा नेताओं के काफिले
विधायक नरेश कौशिक की अगुवाई में बाइक सवार भाजपा कार्यकर्ताओं का काफिला रेलवे स्टेशन के निकट से चला और रेलवे रोड होते हुए निकला। विधायक समर्थकों के मुख्य काफिले में लगभग 450 बाइक शामिल थीं। बाद में चार टोलियों में करीब 200 बाइक और गई। जबकि सेक्टर-9 से भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल की अगुवाई में करीब 350 बाइक रैली के लिए रवाना हुई। जिला परिषद के अध्यक्ष परमजीत सोलधा की अगुवाई में लगभग 175 बाइकों पर समर्थक जींद गए।
पुलिस रही मुस्तैद
भाजपा कार्यकर्ताओं क ी रवानगी को निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे। क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थानों पर 15 नाके लगाए गए थे। झज्जर मोड़, रेलवे रोड मोड़, नजफगढ़ मोड़, सेक्टर-9 मोड़, नया गांव बाईपास चौक व सेक्टर-6 मोड़ समेत कई स्थानों पर अद्र्ध सैनिक बलों के सशस्त्र जवान तैनात किए गए थे। तीन कंपनी अर्द्ध सैनिक बलों के साथ बहादुरगढ़ पुलिस के 225 कर्मचारी व अधिकारी दिनभर सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहे।