अमर उजाला ब्यूरो
बादली।
बादली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के फुटबॉल ग्राउंड में चल रहे फुटबॉल महाकुंभ में मंगलवार को फुटबॉल के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। मुकाबलों में कई बड़ी टीमों को हार का सामना करना पड़ा तो कई टीमें अभी भी फाइनल की दौड़ में बनी हुई हैं। बुधवार को फाइनल मुकाबले होंगे जिसमें एक लाख रुपये जीतने का मौका मिलेगा। बता दें कि मंगलवार को कई रोमांचक मुकाबले हुए। बादली और पंजाब के बीच हुए मुकाबले में बादली पंजाब की टीम का करारी शिकस्त दी।
मंगलवार को हुए मुकाबलों का ग्राउंड में उपस्थित हजारों दर्शकों जमकर लुत्फ उठाया। दिन के खेलों का शुभारंभ ऋषिकुल स्कूल के डायरेक्टर कुलदीप आर्य ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का परिचय लिया और कहा कि खिलाड़ी की कभी भी हार नहीं होती। खिलाड़ी की हार उसके लिए एक सबक होती है जो उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। इसलिए हर खिलाड़ी को खेल को खेल की भावना से ही खेलना चाहिए। एक मैच की हार कभी भी एक खिलाड़ी के खेल करियर पर रोक नहीं लगा सकती बल्कि उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है। बादली स्पोर्ट्स सोसाइटी द्वारा ग्रामीणों व ग्राम पंचायत के सहयोग से करवाए जा रहे वार्षिक फुटबॉल महाकुंभ में 85 टीमों हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब व अन्य प्रदेशों से हिस्सा ले रही हैं। खेल आयोजन का बुधवार को फाइनल मुकाबले के बाद समापन हो जाएगा। ऐसे में दर्शकों को लग रहा है कि बुधवार को फुटबॉल महाकुंभ के फाइनल में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। आयोजन कमेटी की ओर से सोसायटी के अध्यक्ष श्रीओम शर्मा, अरविंद गुलिया, अमित छनपाडिय़ा, विनोद प्रधान, महेन्द्र सिंह, रणबीर गुलिया, श्रवण कुमार और भोला ने विशेष सहयोग की भूमिका निभाई।
ये रहे प्रतियोगिता के परिणाम
बादली फुटबॉल ग्राउंड में हुए मुख्य मुकाबलों में पहला मुकाबला बादली वर्सेज पंजाब के बीच रोमांचक दौर में हुआ। इस मुकाबले में बादली की टीम ने पंजाब की टीम को तीन गोल से पराजित किया। पंजाब की टीम इस मुकाबले में कोई गोल नहीं कर पाई और मैच विजेता बादली की टीम को विजेता घोषित किया गया। अन्य मुकाबलों में डाबोदा और भिवाड़ी का रोमांचक मैच में खेला गया जिसमें डाबोदा की टीम ने दो गोल से जीत होसिल की। इसके जवाब में भिवाड़ी की टीम अंत तक कोई गोल नहीं कर पाई। जट्ट हिसार व पानीपत की टीमों के मध्य हुए मैच में हिसार की टीम ने एक गोल से विजय प्राप्त की।
पानीपत की टीम कोई गोल नहीं कर पाई। इसी प्रकार दिल्ली की पुंठ कलां और लोवा माजरा के मध्य मैच में लोवा माजरा की टीम अंत तक कोई गोल नहीं कर पाई जबकि पूंठ दिल्ली की टीम ने दो गोल से विजय प्राप्त की। निंभड़ी और पुंडरी के मध्य मुकाबला हुआ और मैच की आखिरी मिनटों तक चले रोमांचक मुकाबले में निंभड़ी की टीम एक गोल से जीत हासिल कर सकी।
फुटबॉल महाकुंभ : रोमांचक मैच में बादली ने पंजाब को दी शिकस्त
आज होगा लाख रुपये का फाइनल
-पंजाब, भिवाड़ी, पुंडरी बाहर
-डाबौदा, बादली और पानीपत अगले दौर में