अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
सर्दी और कोहरे की वजह से ट्रेनों का बहादुरगढ़ स्टेशन पर देरी से पहुंचना लगातार जारी है। ट्रेनों के देरी से आने के कारण यात्रियों को सर्दी के मौसम में प्लेटफार्म पर बैठकर ठंड का सामना करना पड़ता है। मंगलवार को भी कई ट्रेनें काफी देरी के साथ यहां पहुंची। मुख्य रूप से अवध-आसाम एक्सप्रेस गाड़ी अपने निर्धारित समय से लगभग 16 घंटे देरी से पहुंची।
अवध-आसाम एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से डिबु्रगढ़ तक जाती है। दिल्ली से बहादुरगढ़ स्टेशन पर पहुंचने की इस गाड़ी का समय शाम 4:25 बजे का है। मगर यह गाड़ी एक-दो घंटे की देरी से नहीं बल्कि अगले दिन यहां पहुंच रही है। इसके चलते यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को अवध-आसाम एक्सप्रेस 4:25 मिनट पर बहादुरगढ़ पहुंचनी थी, लेकिन मंगलवार को सुबह 8 बजे यह गाड़ी बहादुरगढ़ स्टेशन पर पहुंची। यह गाड़ी अपने निर्धारित समय से लगभग 16 घंटे की देरी से चल रही है।
वहीं गाड़ी नंबर 14625 दिल्ली सराय रोहिल्ला-फिरोजपुर इंटरसिटी व गाड़ी नंबर 54641 दिल्ली-फिरोजपुर सवारी गाड़ी के 15 फरवरी तक रद्द होने व गाड़ी नंबर 12555 गोरखधाम एक्सप्रेस के चार घंटे लेट होने के कारण दैनिक रेल यात्रियों को बसों व अन्य वाहनों में सफर करके अपने गंतव्य व नौकरीपेशा पर जाना पड़ रहा है। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ समय की भी हानि हो रही है। दैनिक रेल यात्री समिति के प्रवक्ता सतपाल हाडा व अन्य ने मांग की है कि ट्रेनों को सही समय पर चलाया जाए ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
कोहरे की वजह से 16 घंटे देरी से पहुंची अवध-आसाम एक्सप्रेस
-यात्रियों को हो रही परेशानी
-अन्य वाहनों का सहारा लेकर पहुंच रहे गंतव्य व नौकरीपेशे पर