अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
पुलिस लाइन में स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को दी जाने वाली शिक्षा में भी गुणात्मक सुधार लाया जाएगा। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की स्थानीय मैनेजमेंट कमेटी की मीटिंग एसएसपी झज्जर बी सतीश बालन की अध्यक्षता में पुलिस लाइन झज्जर में आयोजित की गई। विशेष रूप से आयोजित मीटिंग में डीएवी के रीजनल डायरेक्टर केएल खुराना फतेहाबाद, वाइस चेयरमैन एस चांदला दिल्ली, मैनेजर मंजू मलिक दिल्ली और कमेटी के सचिव एवं प्रिंसिपल डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल झज्जर संतोष तिवारी, स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य डीएसपी मुख्यालय झज्जर हंसराज सहित कमेटी के अन्य सदस्य तथा अभिभावक के तौर पर गांव छुड़ानी के सरपंच सत्ते और गांव भदानी के सरपंच सोमवीर सिंह शामिल हुए। मीटिंग में भविष्य की योजनाओं के मद्देनजर स्कूल से संबंधित अनेक विषयों पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। मीटिंग में स्कूल में विद्यार्थियों को अच्छी एवं गुणात्मक शिक्षा देने के लिए कंप्यूटर लैब स्थापित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्कूल के प्रांगण में एक लाइब्रेरी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए खेलकूद की सुविधाओं के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया। मीटिंग में बच्चों के लिए पुलिस लाइन के ग्राउंड में झूले लगाने का भी निर्णय लिया गया। मीटिंग के संबंध में जानकारी देते हुए कमेटी के सेक्रेटरी एवं स्कूल के प्रिंसिपल संतोष तिवारी ने बताया कि आज की विशेष मीटिंग में स्कूल से संबंधित प्रोग्रेस रिपोर्ट पेश की गई। स्कूल में तैनात स्टाफ की सैलरी बढ़ाने बारे में विचार विमर्श किया गया। वर्तमान में स्कूल का भवन छोटा होने तथा भविष्य में विद्यार्थियों की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए स्कूल के लिए नया भवन बनाने की योजना को पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा पहले ही स्वीकृत किया जा चुका है। जल्द ही स्कूल का नया भवन पुलिस लाइन झज्जर में ही बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है, जिसके पश्चात स्कूल को अपग्रेड करने संबंधी कार्रवाई आरंभ की जाएगी।
मीटिंग के पश्चात एसएसपी बी सतीश बालन द्वारा स्कूल के वर्तमान भवन का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण करते हुए एसएसपी बी सतीश बालन द्वारा स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के संबंध में दिशा निर्देश किए गए। एसएसपी के दिशा निर्देशानुसार स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगवाने की प्रक्रिया को जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा।