फोटो-54: पुराना कोर्ट रोड पर पड़ा कूड़ा। संवाद
- फोटो : Samvad
बहादुरगढ़। सफाई कर्मचारियों की 37 दिन तक चली हड़ताल खत्म होने के बाद नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। पिछले तीन दिनों में करीब 500 टन कूड़ा शहर के विभिन्न हिस्सों से उठाया जा चुका है।
इसके बावजूद अभी सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई है। गलियों और नालियों की सफाई के दौरान करीब 400 टन अतिरिक्त कूड़ा निकलने का अनुमान है। ऐसे में शहर को पूरी तरह साफ करने में अभी दो-तीन दिन और लग सकते हैं।
हड़ताल के कारण लंबे समय तक सफाई कार्य प्रभावित रहा था। इससे शहर के मुख्य कूड़ा एकत्रित करने वाले स्थानों के साथ-साथ गलियों और नालियों में भी कचरा जमा हो गया था। हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर परिषद ने सफाई कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में लगाकर सफाई अभियान शुरू किया। पहले चरण में मुख्य कूड़ा पॉइंटों से कचरा उठाने पर जोर दिया गया।
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुनील हुड्डा ने बताया कि सफाई कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं। मुख्य पॉइंटों से कूड़ा उठाने के साथ ही गलियों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। गलियों और नालियों की सफाई के दौरान लंबे समय से जमा कचरा बाहर निकल रहा है, जिसके कारण उठाए जाने वाले कूड़े की मात्रा लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन दिनों में करीब 500 टन कूड़ा उठाया जा चुका है। वहीं, गलियों और नालियों की सफाई के दौरान करीब 400 टन और कूड़ा निकल रहा है। इसे भी जल्द उठाया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को लगातार क्षेत्रों में भेजा जा रहा है। मुख्य मार्गों और प्रमुख कूड़ा पॉइंटों के बाद अब गलियों व नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनका कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में सफाई व्यवस्था को काफी हद तक सामान्य कर लिया जाएगा। हालांकि, 37 दिन तक चली हड़ताल के कारण जमा हुए कचरे को पूरी तरह हटाने के लिए कर्मचारियों को लगातार काम करना होगा।