-फोटो 59 : दिल्ली-रोहतक रोड पर डिवाइडर के सहारे पड़ी मिट्टी साफ करती स्वीपिंग मशीन। संवाद
बहादुरगढ़। प्रदूषण गंभीर स्तर पर है। बहादुरगढ़ की सडकों से मिट्टी साफ करने के लिए केवल एक ही स्वीपिंग मशीन है। यह मशीन दिनभर में दिल्ली-रोहतक रोड पर ही बने डिवाइडर के साथ से मिट्टी साफ करती है। मगर बहादुरगढ़ में नगर परिषद सीमा में कुल मिलाकर 50 किलोमीटर की सड़कें हैं। इतने बड़े हिस्से में मशीन के जरिये सफाई नहीं हो पा रही है। हर बार प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को सड़कों की धूल मिट्टी से दो-चार होना पड़ता है। ऐसे में स्वीपिंग मशीनों की और ज्यादा जरूरत है।
शहर के सेक्टर-6 निवासी मदन सिंह अग्रवाल, प्रेम कुमार, रमेश अहलावत ने कहा कि नगर परिषद शहरवासियों से हर महीने करोड़ों रुपये का टैक्स वसूलती है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कोई कार्य नहीं हो रहा। शहर में सड़कों पर बने डिवाइडर के साथ मिट्टी पड़ी रहती है। घास-फूस भी उग आती है, लेकिन इसे साफ नहीं किया जाता। नगर परिषद केवल एक स्वीपिंग मशीन के सहारे शहर की सड़कों पर सफाई करती है। ऐसे में दिनभर में कुछ ही मार्गों पर सफाई हो पाती है।
लोगों का कहना है कि सेक्टर-6 के डिवाइडिंग रोड पर डिवाइडर के सहारे काफी मिट्टी पड़ी हुई थी। इसकी वीडियो बनाकर लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल की। इसके बाद कर्मचारी यहां पहुंचे, लेकिन सफाई पूरी तरह फिर भी नहीं हो सकी। दिनभर में यहां से हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। इसके कारण धूल उड़ती रहती है।
नगर परिषद ईओ संजय रोहिल्ला का कहना है कि जल्द ही एक और स्वीपिंग मशीन खरीदी जाएगी। शहर में धूल न उड़े, इसको लेकर नगर परिषद की ओर से टैंकर लगाए गए हैं और पानी का छिड़काव सड़कों पर किया जा रहा है।