साल्हावास। क्षेत्र के गांव अकेहडी मदनपुर निवासी 17 वर्षीय आर्यन जाखड़ ने खेलों की शुरुआत दो साल पहले कि थी, जब वह दसवीं कक्षा में पढ़ता था। 2 वर्ष के निरंतर अभ्यास के बल पर वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी परचम लहरा रहा है।
स्कूल ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता साल्हावास स्टेडियम में अगस्त 2022 में हुई और आर्यन जाखड़ ने भाला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसके बाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता राजीव गांधी स्टेडियम तलाव में हुई, जिसमें उसने दूसरा स्थान प्राप्त किया। आर्यन ने अपने गांव में जलधीर कोच के पास अकादमी में अभ्यास शुरू किया। मां कविता के सहयोग और कोच के दिशा निर्देशन में उन्होंने अनेक प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करके झज्जर जिले व हरियाणा का नाम रोशन किया। डीपी हितेश गर्ग ने बताया कि आर्यन जाखड़ खेलों के साथ-साथ पढ़ाई में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। अगस्त में होने वाली तीसरी नीरज चोपड़ा हरियाणा राज्य ओपन भाला फेंक प्रतियोगिता की तैयारी के लिए आर्यन जाखड़ जी जान से जुटे हुए हैं। उम्मीद है कि वह इस प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक प्राप्त करेंगे। आर्य ने ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता द्रोणाचार्य स्कूल मुबारकपुर में 21 से 22 अगस्त 2023 तक चली अंडर 17 आयु वर्ग के लिए आयोजित भाला फेंक प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता ग्रामीण स्टेडियम भिंडावास में 25 से 26 अगस्त 2023 तक चली। अंडर 17 आयु वर्ग के लिए आयोजित भला फेंक प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। 67वीं हरियाणा राज्य स्कूल एथलेटिक्स प्रतियोगिता देवीलाल स्टेडियम पंचकूला में 2 से 4 नवंबर 2023 तक चली। अंडर 17 आयु वर्ग के लिए आयोजित भाला फेंक प्रतियोगिता में उन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया।