झज्जर। शिक्षा नियमावली 134ए के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए शिक्षा विभाग ने बच्चों को स्कूल अलॉट नहीं किए हैं। निजी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा प्राप्त करने के लिए नियम 134 ए के तहत परीक्षा देने वाले 5820 विद्यार्थियों में से करीब 3 हजार बच्चे ही 55 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पाए हैं। इनके अभिभावक दो दिन से ऑनलाइन स्कूल अलॉटमेंट का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अभी तक विभाग ने स्कूल अलॉट नहीं किए हैं। इस कारण अभी अभिभावकों को और इंतजार करना पड़ेगा। क्योंकि विभाग के अधिकारी कह रहे हैं कि 30 अप्रैल के आसपास स्कूल अलॉटमेंट ऑनलाइन किये जाएंगे। विद्यार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश डाला जाएगा कि उसे किस स्कूल में प्रवेश लेना है। झज्जर खंड में 1007 विद्यार्थियों ने 55 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। जबकि जिले में करीब तीन हजार विद्यार्थी परीक्षा उत्तीर्ण कर पाए हैं। वहीं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झज्जर ने मीटिंग कर बच्चों को दाखिला देने से इनकार कर दिया है।
पंचकूला से किए जाएंगे स्कूल अलॉट
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा परिणाम पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। अब पंचकूला से विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन संदेश डाला जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को खंड या जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। क्योंकि अलॉट किए गए स्कूल की सूचना भी उनके मोबाइल पर ही पहुंच जाएगी। अभी तक स्कूल अलॉट नहीं किए जा सके हैं।
निजी स्कूल नहीं देंगे दाखिला : चाहर
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन झज्जर के जिला प्रधान जगबीर सिंह चाहर की अध्यक्षता में बेरी के रामा भारती स्कूल में बैठक हुई। बैठक में प्रधान ने कहा कि सरकार पिछले तीन साल से स्कूल संचालकों को मूर्ख बना रही है और सरकार की ओर से दी जाने वाली राशि उन्हें आज तक नहीं दी है। इसलिए वे न तो नियम 134ए के तहत नए बच्चों को दाखिला देंगे और न ही पहले पढ़ रहे बच्चों को आगे पढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकांश अभिभावकों ने आय के फर्जी प्रमाण पत्र दिए हुए हैं। इनकी जांच करवाई जाए। बच्चों को मुफ्त शिक्षा के चक्कर में आय के प्रमाण पत्र फर्जी पेश किए हुए हैं। जबकि अभिभावक गरीब नहीं अमीर हैं। इसकी जांच के लिए 26 अप्रैल को सुबह 11 बजे एसोसिएशन की ओर से डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
प्राइवेट स्कूल संचालकों को नियम 134ए के तहत दाखिले देने पड़ेंगे। उन्होंने सरकार को अंडरटेकिंग दी हुई है। अभी बच्चों को स्कूल अलॉट नहीं हो पाए हैं। 30 अप्रैल के आसपास स्कूल अलॉट होने की संभावना है।
सतबीर सिंह सिवाच, जिला शिक्षा अधिकारी, झज्जर।