अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। बैंकों और एटीएम की सुरक्षा के लिए बुधवार शाम सिटी थाना प्रभारी ने सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक बुलाई। बैठक में 26 बैंकों में से 19 के प्रतिनिधि पहुंचे जबकि सात बैंक प्रबंधकों ने बैठक में पहुंचने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। करीब डेढ़ घंटा चली बैठक में उपस्थित सभी बैंक प्रबंधकों को एटीएम पर गार्ड की तैनाती सहित सुरक्षा के व्यापक प्रबंधन करने की गाइड लाइन जारी की गई। इस बार बैठक में पुलिस ने गाइड लाइन की सख्ती से पालना करने के निर्देश भी बैंक अधिकारियों को दिए हैं।
बुधवार शाम चार बजे सिटी थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों की बैठक ली। सिटी थाना प्रभारी ने कहा कि बैंकों और एटीएम की सुरक्षा संबंधी पहले भी कई बैठकें आयोजित हो चुकी हैं। इन बैठकों में सभी एटीएम पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती, केबिन और बाहर लगे सीसीटीवी ठीक कराने और अन्य सुरक्षा संबंधी बिंदुओं पर गाइड लाइन जारी की गई थी। अब तक ज्यादातर ने इन पर अमल नहीं कया है। थाना प्रभारी ने कहा कि फिलहाल जिन बैंकों के एटीएम पर गार्ड तैनात नहीं हो अपनी गार्ड की तैनाती उच्चाधिकारियों को कहकर सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई अप्रिय घटना होती है तो इसका जिम्मेदार बैंक ही होगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी बैंक के एटीएम में काफी कैश है और वहां गार्ड नहीं है तो बैंक अधिकारी इसकी सूचना पुलिस को भी दें ताकि वहां रात्रि गश्त के जरिए विशेष ध्यान रखा जा सके।