अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरोग्य धाम बाढ़सा में नवनिर्मित विश्व स्तरीय राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का 12 फरवरी मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से उद्घाटन करेंगे। बादली विधान सभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए 12 फरवरी मंगलवार का दिन ऐतिहासिक होगा। राष्ट्रीय कैंसर संस्थान के उद्घाटन समारोह का साक्षी बनने के लिए क्षेत्र की जनता में उत्साह का माहौल है। कृषि मंत्री धनखड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरकारी क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पताल राष्ट्रीय कैंसर संस्थान की सौगात देंगे। इस अभूतपूर्व अवसर पर गौरवशाली पलों की यादें संजोने के लिए भारी संख्या में क्षेत्र के लोग राष्ट्रीय कैंसर संस्थान बाढ़सा में पंहुचेंगे। इस अवसर चेयरमैन लीलू पहलवान, वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी, पवन छिल्लर, बिजेंद्र मांडोठी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय कैंसर संस्थान की यह है खासियत
कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने बताया कि 12 दिसंबर 2015 को राष्ट्रीय कैंसर संस्थान का भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू किया था। देश के स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भूमि पूजन करवाते हुए एम्स प्रशासन को रिकॉर्ड समय में तैयार करने के आदेश दिए थे। वर्तमान सरकार ने लगभग तीन वर्ष में देश का सबसे बड़ा राष्ट्रीय कैंसर संस्थान बनाकर बादली विधान सभा क्षेत्र को बड़ी सौगात देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। राष्ट्रीय कैंसर संस्थान 710 बेड का अस्पताल है, इसके निर्माण पर लगभग 2035 करोड़ रुपये की लागत आई है। विश्व स्तरीय यह संस्थान कैंसर के इलाज के साथ-साथ कैंसर की रोकथाम में भी अहम भूमिका निभाएगा।
-कार्यक्रम में ये मंत्रीगण और नेता करेंगे शिरकत
कृषि मंत्री ने बताया कि बाढ़सा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, प्रदेश के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सांसद धर्मबीर, विधायक नरेश कौशिक, विधायक बिक्रम ठेकेदार, विधायक ओम प्रकाश, विधायक डॉ. रणधीर कापड़ीवास, विधायक सुखविंद्र श्योराण, विधायक अभय सिंह यादव, विधायक तेजपाल तंवर भी कार्यक्रम में पंहुचेंगे।