चरखी दादरी। दादरी क्षेत्र का चाहे कोई भी गांव हो जहां जलभराव की समस्या बनी है वहां जल्द स्पेशल गिरदावरी करवाई जाएगी। यह बात सांसद धर्मबीर सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कही। वे शुक्रवार को गांव सरूपगढ़, कंहेटी, मोरवाला, इमलोटा, अचीना, जयश्री, रानीला, बौंद कला व बौंद खुर्द, रणकोली का दौरा कर जलभराव का जायजा ले रहे थे। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशन शर्मा, प्रदेश सचिव डॉ. किरण कलकल, एसडीएम ओमप्रकाश देवराला एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ थे।
सांसद धर्मबीर ने अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए कि जिस भी गांव में जलभराव की समस्या है वहां फसलों की जल्द से जल्द स्पेशल गिरदावरी करवा कर रिपोर्ट सौंपी जाए, जिससे ग्रामीणों को मुआवजा वितरण किया जा सके। उन्होंने इन गांवों में पानी की निकासी करवाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
सांसद ने कहा कि दो अक्टूबर को दादरी के रेस्ट हाउस में जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीण, कार्यकर्ता व पदाधिकारी बैठक में शिरकत कर अपने सुझाव रखें। इस अवसर पर राजेंद्र परमार, कुलदीप शर्मा, सतीश शर्मा, दीपक रानीला, सतबीर कंहेटी, कृष्ण पहलवान, राजेश मिसरी, सुरेंद्र अचीना सहित इन गांवों के सरपंच, पंचायत सदस्य और ग्रामीण उपस्थित थे।