अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
मुंडका-बहादुरगढ़ मेट्रो मार्ग पर अधिकतर काम पूरा हो चुका है। मगर मेट्रो रेल बहादुरगढ़ आने के उत्सुक लोगों को अभी थोड़ी और इंतजार करनी पड़ सकती है। कम से कम तीन महीने से ट्रायल रन भी चल रहा है, लेकिन बहादुरगढ़ में करीब 300 मीटर जमीन का एक हिस्सा अब तक नहीं मिल पाना बहादुरगढ़ तक मेट्रो का परिचालन शुरू होने में बाधा बना हुआ है। मेट्रो के नियमित परिचालन के लिए यह जमीन जरूरी है। राज्य सरकार इसके लिए प्रक्रिया भी चला रही है, लेकिन जमीन के मालिकों से बातचीत में मामला सिरे नहीं चढ़ पा रहा।
एमआइई स्टेशन के पास मेट्रो को करीब 300 मीटर जमीन की आवश्यकता है। मुंडका से सिटी पार्क ट्रैक से गाड़ी को बहादुरगढ़ में बनाए गए डिपो में लाने ले जाने के लिए बनाया गया लिंक ट्रैक इस जमीन के बिना पूरा नहीं हो सकता। लिंक ट्रैक के लिए यह जमीन अदालत के आदेश की वजह से मेट्रो को नहीं मिल पाई है। इसी वजह से यहां का काम अटका हुआ है, जबकि बाकी की लाइन का काम पूरा हो चुका है। डीएमआरसी का कहना है कि ग्रीन लाइन के इस हिस्से पर मेट्रो का परिचालन शुरू करने के लिए यह जमीन जरूरी है। मेट्रो के डिपो में आने-जाने के रास्ते का निर्माण यह जमीन मिलने पर ही पूरा हो पाएगा। यह लिंक ट्रैक नहीं बनने के कारण डीएमआरसी ने मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त से ट्रैक से निरीक्षण की मांग भी नहीं की है। आयुक्त से क्लीयरेंस मिलने के बाद डीएमआरसी कुछ दिन में ही परिचालन आरंभ कर सकती है।
कई प्रतिष्ठानों की जमीन
यह जमीन कई दुकानों व अन्य निजी प्रतिष्ठानों की है। इस जमीन के बिना इस डिपो से मेट्रो का ऑपरेशन शुरू नहीं हो पाएगा, जिससे सारा लोड मुंडका डिपो पर आ जाएगा। जहां से कुछ गाड़ियां तो ऑपरेट की जा सकती हैं, लेकिन कीर्ति नगर और इंद्रलोक से सिटी पार्क के बीच फुल फ्रीक्वेंसी के साथ इस पूरी लाइन पर ट्रेनें चलाना तब संभव नहीं हो पाएगा, जब तक कि हरियाणा में बने नए डिपो तक आने-जाने का रास्ता तैयार करने के लिए यह जमीन नहीं मिल जाती।
कीर्ति नगर व इंद्रलोक से मुंडका के बीच मेट्रो की ग्रीन लाइन को मेट्रो के फेज-3 में मुंडका से आगे बहादुरगढ़ तक ले जाया जाना है। इसके लिए डीएमआरसी ने 11.182 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन बनाया है, जिस पर मुंडका से आगे सात नए स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें से दिल्ली के चार स्टेशन मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया, घेवरा मोड़, टीकरी कलां और टीकरी बॉर्डर और बहादुरगढ़ के तीन स्टेशन एमआइई (माडर्न इंडस्ट्रियल एस्टेट), बस स्टैंड और सिटी पार्क शामिल हैं।