ओवरलोडिंग को लेकर प्रदर्शन, उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
ओवरलोडिंग से संबंधित भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाए जाने की मांग को लेकर ट्रक मालिक, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच व समाजसेवा से जुड़े लोगों ने शहर के सचिवालय में विरोध प्रदर्शन किया तथा उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा।
एडवोकेट संजीव तक्षक, एडवोकेट संजीव गोदारा व शहीद भगत सिंह सेना अध्यक्ष कृष्ण फौगाट की मौजूदगी में मंगलवार को ट्रक मालिक, पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, दादरी शहर के समाजसेवा से जुड़े युवा विरोध प्रदर्शन कर रोज गार्डन से लघु सचिवालय पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त विजय कुमार को ओवरलोडिंग और ओवर स्पीड ट्रकों के मामले ज्ञापन सौंपा। इसमें व्याप्त भ्रष्टाचार होने संबंधी शिकायत की। ज्ञापन के जरिए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में बताया कि ओवरलोडिंग और ओवर स्पीड ट्रकों की वजह से काफी हादसे हो चुके हैं। जिले की सड़कें टूट रही हैं। लगातार प्रदूषण भी बढ़ रहा है। सड़कों पर राहगीर भय के माहौल में सफर करते हैं। प्रशासन आंख मूंद कर बैठा हुआ है।
ज्ञापन में आरोप लगाया है कि ट्रक मालिकों और खनन माफिया से कुछ अधिकारी मोटी मंथली वसूल रहे हैं। मंथली नहीं देने पर ट्रक मालिकों को बेवजह चालान भुगतने पड़ रहे हैं। ज्ञापन में बताया गया कि ट्रक मालिक अंडर लोड वाहन चलाना चाहते हैं पर सिस्टम में पारदर्शिता नहीं होने के कारण आज के समय में मालिकों के लिए यह संभव नहीं हो पा रहा है। शहर के सभी प्रमुख सड़क मार्गो पर ट्रक ओवरलोड चल रहे हैं। ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। उन पर अभी तक कोई कार्यवाही नहीं न होने पर रोष जताया है।
एडवोकेट संजीव तक्षक, एडवोकेट संजीव गोदारा व शहीद भगत सिंह सेना अध्यक्ष कृष्ण फौगाट ने जिले के पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित के खिलाफ केस दर्ज करने की भी मांग की। ज्ञात रहे चरखी दादरी चारों तरफ से अरावली की पहाड़ियों से घिरा हुआ है। जिले में करीब एक दर्जन से ज्यादा पहाड़ियां भी हैं। पहाड़ों से पत्थर, क्रशर रोड़ी आदि ढोने का काम भी भारी वाहनों के जरिए ही होता रहा है। साथ लगते जिलों से भी चरखी दादरी क्षेत्र में रोजाना सैकड़ों भारी वाहनों का आवागमन होता हैं। इससे जिले की सड़कें भी कंडम हो रही हैं। कई गांवों में भारी वाहनों से रास्ते काफी खराब हो चुके हैं। इस अवसर पर सरपंच त्रिलोक निमली, कृष्ण फौगाट, एडवोकेट सुनील श्योराण, जितेंद्र कुमार जटासरा, राहुल हुड्डा, सुमित सुहाग, राजूमान व इलाके के ट्रक मालिक व प्रतिनिधि, समाज सेवी संगठनों के प्रतिनिधि व युवा उपस्थित रहे।