अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
शहर के बीचोंबीच से गुजर रहे दिल्ली-रोहतक रोड पर बढ़ते अतिक्रमण व अव्यवस्थित वाहन पार्किंग को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को सख्ती बरती। ट्रैफिक पुलिस ने समस्त मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। ट्रैफिक पुलिस के साथ चीता राइडर्स भी रहे। उन्होंने एक साथ इस रोड से पेट्रोलिंग की और जहां-जहां उन्हें जाम की स्थिति नजर आई। वहां खड़े रहने वाले वाहनों, रेहड़ियों व अन्य सामान को हटवाया गया। साथ ही भविष्य में सड़कों पर अतिक्रमण न करने के लिए चेतावनी दी गई।
पिछले कई दिनों से दिल्ली-रोहतक रोड पर जाम की स्थिति विकराल हो रही है। सड़क के दोनों तरफ अव्यवस्थित पार्किंग, सड़कों पर खड़े रहने वाले वाहन, रेहड़ी व दुकानदारों का कई-कई फुट तक किए हुए कब्जे के कारण सड़क की चौड़ाई बिल्कुल सिकुड़कर रह गई। जिसके कारण सुबह से लेकर देर शाम तक यहां पर कुछ-कुछ देर में जाम की स्थिति गहरा जाती है। इससे एंबुलेंस व दूसरे इमरजेंसी वाहन भी कई बार जाम में फंस जाते हैं। जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए अब ट्रैफिक पुलिस के चीता राइडर्स ने शनिवार को दिल्ली-रोहतक रोड पर एमआइई एरिया से लेकर सेक्टर-6 तक के हिस्से में एक साथ पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने सड़कों पर जो भी वाहन आड़े-तिरछे खड़े दिखे या फिर दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखा गया सामान या फिर कोई रेहड़ी खड़ी दिखाई दी उन सबको लोगों की परेशानियों व उनकी सुरक्षा को ध्यान रखते हुए हटवाया, ताकि जाम के कारण यहां पर कोई हादसा न हो और आने-जाने वाले राहगीरों को बेवजह जाम में न फंसना पड़े।
पुलिस अधिकारियों व कर्मियों ने वाहन चालकों, दुकानदारों व फुटकर विक्रेताओं से सहयोग की अपील भी की है। साथ में चेताया है कि यदि किसी ने फिर भी मनमानी जारी रखी तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। चीता राइडर्स ने बस स्टैंड, पकौड़ा चौक, झज्जर मोड़, रेलवे रोड के नजदीक व कुछ अन्य हिस्सों में सड़कों पर खड़े वाहनों को हटवाया। साथ में सड़क पर वाहन खड़े करके उनकी मेंटीनेंस करने वाले दुकानदारों भी सड़क से वाहन हटाए जाने के लिए हिदायत दी।
जाम की विकराल स्थिति पर ट्रैफिक पुलिस और चीता राइडर्स सख्त
दिल्ली-रोहतक रोड पर हटाया अतिक्रमण, वाहन चलकों और रेहड़ियों वालों पर भी कार्रवाई
---फोटो 3 : दिल्ली-रोहतक रोड पर अतिक्रमण हटवाते ट्रैफिक पुलिसकर्मी।------------