पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी पर फूंका पीएम का पुतला
चरखी दादरी।
पेट्रोल-डीजल के दाम में प्रतिदिन की जा रही मूल्यवृद्धि के विरोध में युवा कांग्रेस ने सोमवार को रोज गार्डन के सामने पीएम नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर विरोध जताया। युवा इकाई की अगुवाई जिला अध्यक्ष अनिल धनखड़ ने की। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
धनखड़ ने कहा कि जबसे मोदी सरकार बनी है, महंगाई बढ़ी है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतों में गिरावट होने के बाद भी सरकार अपने फायदे के लिए हर रोज डीजल, पेट्रोल के दाम में वृद्धि करते हुए आम आदमी व किसानों के लिए परेशानियां बढ़ाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी और अब जीएसटी ने भी आम आदमी व व्यापारी वर्ग को पीछे धकेलने का कार्य किया है। वर्तमान सरकार ने अपनी नीतियों के कारण देश व प्रदेश का हर वर्ग आज परेशान दिखाई दे रहा है। इसके साथ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में पेट्रोल के दाम 115 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 47 डॉलर प्रति बैरल आ गए हैं जबकि पेट्रोल की कीमत 80 रुपये तक पहुंच गई है। अंतरराष्ट्रीय मार्केट के घटे दाम के हिसाब से पेट्रोल की कीमत 35 से 40 रुपये प्रति लीटर तक होनी चाहिए। यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो युवा कांग्रेस जन आंदोलन करने पर मजबूर होगी। इस अवसर पर युवा कांग्रेस बाढड़ा हलका अध्यक्ष अमित बजाड़, सतबीर ठेकदेार, सूरज समसपुर, मनदीप, प्रवीन मोरवाला आदि उपस्थित थे।