-फोटो 59 : प्रदूषण नियम तोड़ने वाली फैक्ट्रियों में कार्रवाई करते हुए टीम के कर्मचारी।
बहादुरगढ़। प्रदूषण फैलाने वाली और अवैध तरीके से प्लास्टिक वेस्ट जलाने वाली फैक्टरियों के खिलाफ शुक्रवार को हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली विभाग ने पुलिस को साथ लेकर बड़ी कार्रवाई की। परनाला-निजामपुर रोड पर अवैध तरीके से चल रही 41 फैक्टरियों के बिजली कनेक्शन काटकर सील कर दिया गया है।
अधिकारियों के यहां पहुंचने के बाद फैक्टरी संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालक अपनी फैक्ट्रियों पर ताले लगाकर रफू चक्कर हो गए। उधर, प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी सूरत में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को नहीं चलने दिया जाएगा।
कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट की ओर से ग्रैप का चौथा चरण लागू है, लेकिन बहादुरगढ़ के विभिन्न इलाकों में अवैध रूप से चल रही फैक्टरियां लगातार प्रदूषण फैलाने से बाज नहीं आ रही हैं। शुक्रवार को प्रदूषण बोर्ड, जिला नगर योजनाकार विभाग, नगर परिषद, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम, लाइनपार थाना पुलिस ने मिलकर अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 41 फैक्ट्रियों के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें सील कर दिया गया। संयुक्त विभागों की यह कार्रवाई सुबह 10 बजे शुरू हुई और शाम 6 बजे तक जारी रही। बताया गया है कि जिन फैक्टरियों पर यह कार्रवाई की गई है, उनमें अवैध तरीके से प्लास्टिक वेस्ट जलाया जा रहा था। विभागीय अधिकारियों को इसी सूचना मिली तो बड़ी कार्रवाई की गई।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि प्रदूषण नियमों की अवहेलना करने वाली फैक्टरियों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीजनल ऑफिसर शक्ति सिंह ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने शुक्रवार को बहादुरगढ़ क्षेत्र में अनधिकृत व प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने वाली प्लास्टिक फैक्टरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 फैक्टरियों के बिजली कनेक्शन काटे और फैक्टरियों को सील कर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में प्रदूषण नियंत्रण के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। जिले में 23 एंटी स्मॉग गन एक्टिव हैं जो प्रदूषण नियंत्रण के लिए कार्य कर रही हैं। इसके अलावा नगर परिषद की ओर से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रदूषण नियम तोड़ने वाली फैक्टरियों पर बोर्ड की पैनी नजर है और नियम तोड़ने पर जुर्माना लगाया जा रहा है।