झज्जर। खानपुर खुर्द गांव निवासी एक शिक्षक को गूगल से फोन नंबर लेकर सहायता लेना उस समय भारी पड़ गया, जब साइबर ठगों ने उनके खाते से तीन बार में 40 हजार रुपये उड़ा दिए। इसके बाद शिक्षक नरेश कुमार ने साल्हावास पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। शिक्षक का आरोप है कि चौकी झाड़ली के मुंशी ने अभद्रता की।
खानपुर खुर्द निवासी नरेश कुमार ने बताया कि फोन पे अकाउंट में त्रुटि आने पर उसने गूगल से एक हेल्पलाइन नंबर निकालकर कॉल की। उक्त व्यक्ति ने कॉल कट कर 8391043226 नंबर से कॉल की और फोन पे कस्टमर केयर का कर्मचारी बनाकर अकाउंट की जानकारी ले ली। इसके बाद उसके खाते से 9999, 9999 और 20000 रुपये कटने का मैसेज आया। नरेश कुमार का आरोप है कि ऑनलाइन ठगी होने के बाद जब वह झाड़ली पुलिस चौकी में एफआईआर दर्ज करवाने गया तो वहां के मुंशी ने उसके साथ बदतमीजी की। इसके बाद उसने साल्हावास पुलिस थाने शिकायत दर्ज करवाई।
इस मामले में शिकायत मिली है। जल्द ही आरोपी का सुराग लगा लिया जाएगा। लोगों से अपील है कि इस प्रकार अपने बैंक खातों व एटीएम संबंधी जानकारी किसी को भी न दें।
- सुरेश कुमार, एसएचओ, पुलिस थाना साल्हावास।
खाते से उड़ाए 1 लाख 16 हजार 811 रुपये
बहादुरगढ़। पीडीएम क्वार्टर में रहने वाले युवक के खाते से 1 लाख 16 हजार 811 रुपये उड़ा लिए। पुलिस को दी शिकायत में सर्वेश मलिक ने बताया कि 4 अगस्त वह घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर कई मैसेज आए। उसने देखा कि उसके खाते से एक बार में 10 हजार, 3 बार 20-20 हजार रुपये, एक बार 46 हजार 811 रुपये कट गए। सर्वेश कुमार ने बताया कि पहले तो उसने इस खाते पर एटीएम की सुविधा ले रखी थी, मगर वह सुविधा बंद थी। थाना शहर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज छानबीन शुरू कर दी।