फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhajjar-Bahadurgarh News: नगर परिषद की बैठक में 40 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी

Thu, 18 Dec 2025 02:20 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, झज्जर/बहादुरगढ़
विज्ञापन
-फोटो 58 : बैठक में मौजूद पार्षद, अधिकारी व नप चेयरपर्सन सरोज राठी। संवाद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बहादुरगढ़। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में बुधवार को हुई बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन सरोज राठी ने की। इसमें शहर के विकास को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सर्वसम्मति से उन्हें मंजूरी प्रदान की। इसमें करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई, जिससे हर वार्ड में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन


नगर परिषद क्षेत्र के हर वार्ड में 50-50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों को मंजूरी के लिए बैठक में प्रस्ताव रखा गया था, जिसे सर्वसम्मति से मंजूर किया गया है। करीब 40 करोड़ के ये कार्य हैं। इनमें 12 करोड़ रुपये की लागत से शहर में सीसीसीटी लगाने का काम भी शामिल है।
चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि इन कार्यों का प्रस्ताव पास होने के बाद आने वाले कुछ ही दिनों में सभी वार्डों में सड़कों, गलियों, नालियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य सभी वार्डों में समान रूप से विकास करना है ताकि किसी भी क्षेत्र को उपेक्षित न महसूस कराया जाए।
विज्ञापन

सफाई व्यवस्था को लेकर बैठक में बड़ा फैसला लिया गया। सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से सफाई के टेंडर को आगे विस्तार न देने पर सहमति जताई। अब डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था का संचालन नगर परिषद अपने स्तर पर करेगी। इसके तहत आगामी चार माह के लिए ठेके पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
बैठक में कूड़ा उठान के लिए जरूरत के अनुसार वार्ड वाइज एक-एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित करीब 40 ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके अलावा दो जेसीबी मशीनें और एक स्वीपिंग मशीन भी किराये पर लेने की स्वीकृति दी गई, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
बैठक में शहर की अवैध कॉलोनियों का सर्वे कराने का निर्णय भी लिया गया। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए सरकार से कॉलोनियों को वैध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे वहां रहने वाले लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
चेयरपर्सन ने बताया कि बैठक में एक अहम सामाजिक प्रस्ताव के तहत गौ माता को नगर माता का दर्जा देने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से उठाई गई इस मांग पर सभी पार्षदों ने सहमति जताई। बैठक में रखे गए सभी एजेंडे सर्वसम्मति से पास किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों और मनोनीत सदस्यों द्वारा लिखित रूप में दिए गए विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है। यह भी जानकारी दी कि शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य लगातार जारी है और जल्द ही सभी वार्डों में समान रूप से स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। आवश्यकता अनुसार और भी स्ट्रीट लाइटें खरीदी जाएंगी।
बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अरुण नांदल, सचिव प्रवीण कुमार, वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा सहित पार्षद उपस्थित रहे।



बैठक में पार्षदों द्वारा रखे गए नए विकास कार्यों की फिजिबिलिटी जांच कर टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सफाई कार्य का टेंडर आगे न बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया है। अब नगर परिषद खुद सफाई व्यवस्था संभालेगी। चार माह तक इस कार्य को कराने के लिए पार्षदों ने मंजूरी दी है।
विज्ञापन


- अरुण नांदल, ईओ, नगर परिषद, बहादुरगढ़।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें