बहादुरगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के लिए राशि न मिलने से पात्र लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पात्र लोग कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पाया। अब पात्र लोगों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है।
पत्र में उर्मिला, रेखा, नीतू, सुभाष, दिलावर, बिंदू देवी, गुलजारी, कृष्णा, सुनीता, माया, राजकुमार, सुरेश, संदीप आदि ने बताया कि 31 जनवरी को नगर परिषद व विधायक द्वारा उन्हें पत्र प्राप्त हुआ था। जिसमें उनका 2 लाख 50 हजार का लोन पास हुआ था। इसमें 90 लोगों को पत्र द्वारा कहा गया था कि मकान बनाने के लिए उन्हें स्वीकृति प्राप्त है। सभी अपने कच्चे मकान तोड़ के नींव भर दे और किश्त की राशि नगर परिषद से प्राप्त कर लें। मगर दो माह बीत जाने के बाद भी उन्हें यह राशि प्राप्त नहीं हुई। जबकि वे कई बार अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के आश्वासन पर उन्होंने मकानों में भी तोड़फोड़ कर ली थी। अब वे बेघर हो चुके हैं। इस संबंध में वह नगर परिषद में गुहार लगाने के लिए जाते हैं तो अधिकारी एक-दूसरे की जिम्मेदारी बताते हुए उन्हें वापस भेज देते हैं। प्रभावित लोगों ने मुख्यमंत्री व एसडीएम को पत्र लिखकर जल्द राशि दिलवाने की मांग की।