अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। गांव छिल्लर में शनिवार को मौजिज व्यक्तियों की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व विधायक एवं बीसीसीआई के अध्यक्ष रह चुके रणबीर महेंद्रा की अगुवाई में इनेलो और जेजेपी के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा। इस दौरान इनेलो से वर्षों पुराना नाता तोड़ पूर्व सरपंच रामफल व जेजेपी से रामकिशन ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में आस्था जताई। उनके पार्टी आगमन पर रणबीर महेंद्रा ने स्वागत किया। महेंद्रा ने कहा कि कांग्रेस में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
पूर्व विधायक ने रणबीर महेंद्रा ने कहा कि कांग्रेस बाढड़ा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार बनने के बाद बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाए जाएंगे। कांग्रेस का दामन थाने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को रणबीर सिंह महेंद्रा की अगुवाई में हल करवाने का भरपूर प्रयास करेंगे। इस अवसर पर हरपाल, विद्यानंद, सुरेंद्र बोबी, रणजीत, मुकेश खरकडी, सत्यपाल, कालिया, कर्मबीर, रिसाल सिंह सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।