अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। दादरी-भिवानी रोड पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से ऑटो को टक्कर मार दी। घटना में ऑटो सवार तीन लोग घायल हो गए और इनमें से दो की हालत गंभीर होने के चलते पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। घायलों की पहचान भिवानी निवासी दीपक, गुजरानी निवासी गिन्नू व दादरी जिले के गांव कोल्हावास निवासी लोकेश के रूप में हुई है। वहीं, घटना के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार भिवानी निवासी दीपक गुजरानी निवासी गिन्नू के साथ रविवार दोपहर खाद-बीज लेने दादरी आया था। शहर से सामान लेने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे वो ऑटो कर भिवानी जाने के लिए चले थे। ऑटो कोल्हावास निवासी लोकेश चला रहा था। जब वे लोहारू चौक से निकलकर उत्सव गार्डन के पास पहुंचे तो इसी दौरान सामने से आ रहे ईंटों के ट्रैक्टर ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी। घटना में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने ऑटो सवार घायलों को संभाला और उपचार के लिए उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां लोकेश और गिन्नू की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया जबकि घायल दीपक अस्पताल में ही उपचाराधीन है। घायलों ने बताया कि ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और इस कारण सामने से ऑटो आता देख भी चालक नियंत्रण नहीं बना पाया। वहीं, हादसे की सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।