अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग द्वारा तीन पार्षदों के साथ मिलकर शहर के पार्कों में किए निरीक्षण पर नपा अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। नपा अधिकारियों ने बुधवार को लाइट मेंटेनेंस ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने ठेकेदार को नोटिस देकर कहा है कि अगर आगामी सात दिन में लाइटों को ठीक नहीं किया तो नपा की ओर से टेंडर की शर्तों के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नपा के वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग ने मंगलवार रात को शहर के छह पार्कों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पार्कों की करीब 70 फीसदी लाइटें खराब मिली थी। जिसकी रिपोर्ट वाइस चेयरमैन प्रवीन गर्ग ने चेयरमैन कविता नंदवानी को दी। कविता नंदवानी ने इस बारे में नपा सचिव से कार्रवाई करने की बात कही। इसके बाद नपा सचिव ने ठेकेदार को नोटिस जारी करते हुए आगामी सात दिन में लाइटों को ठीक कर नपा अधिकारियों के सामने स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
वर्जन
नपा वाइस चेयरमैन के द्वारा शहर के पार्कों में लाइटों का निरीक्षण किया गया था, जिस दौरान लाइटें खराब मिलीं। ठेकेदार को नोटिस जारी कर सात दिन में सभी लाइटों को ठीक करके रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। यदि ठेकेदार सात दिन में लाइटों को ठीक नहीं कराता तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में ठेकेदार का टेंडर भी रद्द् किया जा सकता है।
- नरेंद्र सैनी, नपा सचिव, झज्जर।
वर्जन
शहर के लोगों द्वारा सड़कों व पार्कों में लाइट खराब होने की शिकायत की जा रही थी। जिसके चलते वाइस चेयरमैन को लाइटों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। निरीक्षण में लोगों की शिकायत सही मिली, इस पर ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। अगर उसने तय समय में काम सही नहीं किया गया तो उसका टेंडर भी रद्द किया जा सकता है।
- कविता नंदवानी, चेयरमैन, नपा झज्जर।