बाढ़सा के निकट से गुजर रही एनसीआर माइनर मंगलवार की सुबह टूट गई। इससे साथ लगते बाढ़सा-झांझड़ोला गांव के खेतों में पानी भर जाने से करीब 30 एकड़ जमीन जलमग्न हो गई। इस घटना से गेहूं की बिजाई का काम पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।
मंगलवार की सुबह जब किसान खेतों की तरफ गए तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। खेतों में पानी ही पानी दिखाई दे रहा था। किसानों ने देखा कि पास से गुजर रही एनसीआर माइनर टूटी हुई है। जिससे निकलकर पानी खेतों की ओर जा रहा है। किसानों ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तबतक करीब 30 एकड़ भूमि में जलभराव हो चुका था। किसान मनोज व जयभगवान ने बताया कि उन्होंने गेहूं की बिजाई के लिए जमीन तैयार की थी। मगर पानी भर जाने के कारण उनका बिजाई कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो गया। किसानों का कहना है कि खेतों में कई-कई फुट तक पानी भर आने से वहां से पानी निकालना आसान नहीं। जब तक पानी सूखेगा तब तक बिजाई का समय जा चुका हेागा।