बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में जुलाई और अगस्त के महीने में मेघ जमकर बरसे। इस बार जुलाई माह में 281 एमएम और अगस्त में 182.90 एमएम बारिश हुई। यह बारिश बहादुरगढ़ और बादली में धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। दोनों क्षेत्रों में लगभग 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपाई की गई है। कुल मिलाकर दोनों महीनों में 463.90 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है।
वर्ष 2025 में अभी तक बारिश का दौर पिछले साल के मुकाबले कुछ ज्यादा रहा है। पिछले करीब डेढ़ माह में 463 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है, जिसमें से जुलाई माह में जहां 281 मिलीमीटर (एमएम) बारिश हुई है। वहीं अगस्त माह में 19 तारीख तक 182.9 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है।
जबकि इस माह के अभी 12 दिन शेष बचे हैं। मौसम के हर रोज बदलते मिजाज को देखकर संभावना है कि जुलाई माह से अधिक बारिश अगस्त माह में हो सकती है और सितंबर माह तक बारिश का सिलसिला चलने की पूरी संभावना है। बारिश की वजह से जहां हरियाली बढ़ी है तो कई जगहों पर जलभराव के चलते लोग भी परेशान हुए हैं। मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
लोगों ने स्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद से जलभराव वाले स्थानों पर फोगिंग किए जाने की मांग की है। इस बार मई माह के अंतिम सप्ताह में एक दिन बारिश हुई थी और यह बारिश काफी तेज हुई थी। 4 जुलाई से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ और पूरे माह तक बीच-बीच में कई बार तेज बारिश हुई और कई बार हल्की बूंदाबांदी का दौर भी चला।
मंगलवार की सुबह कई दिन बाद सूर्य देव तेज के साथ निकले, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम फिर बदला और हल्की बूंदाबांदी के बाद तेज ठंडी हवा चली। इससे गर्मी से काफी राहत मिली। सुबह के समय उमस बनी रही। कृषि विभाग के एसडीओ डा. सुनील कौशिक ने बताया कि जुलाई माह में कुल मिलाकर 281 एमएम बारिश हुई और अगस्त माह में झमाझम बारिश हुई एक अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक बहादुरगढ़ क्षेत्र में 182.90 एमएम बारिश हो चुकी है।
-