बौंदकलां। डीच ड्रेन दोबारा टूटने के 96 घंटे बाद बौंदकलां में पानी का स्तर आठ इंच ही कम हुआ है। अभी भी जलभराव होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने सिंचाई विभाग को तुरंत प्रभाव से यहां पुख्ता प्रबंध कर जल निकासी के आदेश दिए हैं। एसडीएम का कहना है कि अगले एक-दो दिन में ही रिहायशी बस्तियों से पानी की निकासी करवा दी जाएगी। रिहायशी क्षेत्र से पानी निकासी के लिए एक ट्रैक्टर किलसर तालाब पर लगाया गया है। वहीं, सिंचाई विभाग ने यहां लगी बिजली की मोटर को भी चालू कर दिया है। प्रशासन के निर्देशों पर निमड़ी मोड़ पर दो ट्रैक्टरों से पानी की निकासी हो रही है। इसके अलावा यहां बिजली की मोटर भी लगाई गई है। बाबा हरदयाल दास मंदिर के पास में दो ट्रैक्टरों के माध्यम से पानी की निकासी कराई जा रही है। इसके साथ ही फिरणी पर भी जल निकासी के लिए ट्रैक्टर लगाया गया है।
इस समय वार्ड-5 के मिरानपाना, आसलानपाना, गढ़ी पाना, डोबी तालाब का क्षेत्र, डागवाला तालाब का क्षेत्र, रामेश्वर तालाब का क्षेत्र, वाल्मीकि बस्ती, किलसर तालाब, डूंगला तालाब, फिरणी व निमड़ी रोड के पास स्थित घरों व ऊण रोड की बस्ती के क्षेत्र में जलभराव है। एसडीएम ओमप्रकाश देवराला ने बताया कि वो खुद क्षेत्र के दौरे पर हैं। जिला प्रशासन जल्द से जल्द पानी निकासी का पूरा प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि अगर पंप सेट या ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत हुई तो प्रशासन तुरंत यह व्यवस्था भी करा देगा।