फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पद्मावती विरोध प्रदर्शन पर खापें व सामाजिक संगठन हुए एकजुट

विज्ञापन
विज्ञापन
पद्मावती विरोध प्रदर्शन पर खापें व सामाजिक संगठन एकजुट
विज्ञापन

चरखी दादरी।
संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित फिल्म पद्मावती के विरोध प्रदर्शन को लेकर जिले की खाप व सामाजिक संगठन एकजुट हो गए हैं। पंवार खाप-32 ने पंचायत आयोजित कर 27 नवंबर को दादरी शहर में विरोध प्रदर्शन कर डीसी को ज्ञापन सौंपने का एलान किया था। वीरवार को सांगवान व फौगाट खाप सहित आधा दर्जन सामाजिक संगठनों ने भी पंवार खाप-32 को सर्वखापीय व जातीय विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आश्वासन दे दिया। भाजपा समर्पित नगर परिषद चेयरमैन सहित अधिकतर पार्षद भी रेस्ट हाउस प्रांगण में आयोजित सर्वजातीय पंचायत में अपना समर्थन देने पहुंचे। पंचायत में खाप पदाधिकारियों ने हरियाणा सहित पूरे भारत में फिल्म पर बैन लगाने की मांग की है। वक्ताओं का कहना है कि फिल्म निर्देशक ने हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है, इसलिए सरकार को संजय भंसाली पर भी देशद्रोह का मामला दर्ज करना चाहिए। पंवार खाप-32 के आह्वान पर अन्य खापों व सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन के लिए आगामी दन्दिन जनसंपर्क अभियान चलाने का आश्वासन भी दिया है।
वीरवार सुबह करीब 11 बजे पंवार खाप की 21 सदस्यीय कमेटी के नेतृत्व में सर्वखापीय पंचायत आयोजित की गई। इसमें खापों व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सांगवान खाप की तरफ से प्रधान सोमबीर सांगवान, सचिव नरसिंह डीपी, कन्नी प्रधान सूरजभान व राज सिंह बिरही कलां का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। खाप फौगाट की तरफ से प्रधान रामदास फौगाट, प्रवक्ता राम सिंह बलकरा, सचिव बलवंत नंबरदार, सीतराम फौगाट, उदयवीर खातीवास, सुरेंद्र व सुमेर ने सर्वखाप पंचायत में भाग लिया। पंवार खाप- 32 की तरफ से प्रधान ठाकुर सतपाल सिंह, पंवार-12 गांव प्रधान बाबू सिंह, पंवार-12 गांव सचिव प्रहलाद सिंह, ओमपाल चौबारला, भूपेंद्र, सांवड़ सरपंच मदन परमार, बौंदकलां सरपंच प्रतिनिधि गोबिंद सिंह, पूर्व सरपंच सतेंद्र परमार, हंसराज व सुरेंद्र शर्मा बौंदकलां आदि उपस्थित रहे। खापों के अलावा यादव महासभा के अध्यक्ष रविंद्र व यादव युवा महासभा के अध्यक्ष आनंदपाल ने संगठनों की तरफ से समर्थन देने पहुंचे। ब्राह्मण सभा प्रधान भोजराज शास्त्री व ब्राह्मण विकास परिषद की ओर से आरके शर्मा ने भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का समर्थन दिया। सर्वखापीय व सर्वजातीय पंचायत में पहुंचकर बलराम गुप्ता ने भी अग्रवाल सभा की तरफ से समर्थन देने का एलान किया। नगर परिषद चेयरमैन संजय छपारिया ने भी समस्त नप कार्यकारिणी का सर्मथन भी पंवार खाप-32 को दिया है। पंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच सतेंद्र परमार ने कहा कि पद्मावती में खिलजी का अभिनय रणवीर सिंह ने अदा किया है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्देशक संजय भंसाली ने पैसे कमाने के चक्कर में फिल्म बनाने के लिए इतिहास के साथ छेड़छाड़ की है और इससे हिंदुओं की धार्मिक भावना को ठेस पहुंची है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पंवार खाप-32 की पंचायत आयोजित कर फिल्म बैन के लिए 27 नवंबर को विरोध प्रदर्शन कर डीसी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की खापों व सामाजिक संगठनों ने भी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए समर्थन दे दिया है और 27 नवंबर को सुबह 10 बजे रोज गार्डन में एक महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस दौरान शहर में विरोध प्रदर्शन कर डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विज्ञापन


फिल्म इंडस्ट्री पर लगाम कसने को बने कानून
रेस्ट हाउस प्रांगण में आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए सतेंद्र परमार न कहा कि फिल्म इंडस्ट्री लगातार हिंदुओं के इतिहास से छेड़छाड़ करती आई है। पहले बाजीराव मस्तानी व पीके फिल्म में हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई तो अब पद्मावती फिल्म में रानी पद्मावती का झूठा चित्रण प्रस्तुत किया गया। पंवार खाप-32 प्रधान ठाकुर सतपाल सिंह ने कहा कि फिल्म निर्माता इतिहास के साथ छेड़छाड़ न कर सके इसके लिए केंद्र सरकार को कानून बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संजय भंसाली पर भी देशद्रोह का मामला दर्ज होना चाहिए।

मुस्लिम देशों से हुई फंडिंग, जांच होनी चाहिए
पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि फिल्म निर्माताओं को मुस्लिम देश फिल्में बनाने के लिए फंडिंग देते हैं। इसके बाद फिल्म निर्माता हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने से नहीं हिचकते। पद्मावती फिल्म बनाने में लगे खर्च की भी जांच करानी चाहिए ताकि स्थिति स्पष्ट हो जाए कि यह सोची-समझी साजिश तो नहीं है।

सांगवान खाप तन-मन-धन से विरोध प्रदर्शन के समर्थन में : सोमबीर सांगवान
सांगवान खाप प्रधान सोमबीर सांगवान ने सर्व खापीय पंचायत को संबोधित करते हुए खाप के समर्थन का एलान किया। उन्होंने कहा कि 27 नवंबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए खाप तन-मन-धन से समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ के खिलाफ हमेशा खाप मोर्चा खोलने के लिए तैयार है।

खाप फौगाट भी प्रदर्शन में लेगी बढ़-चढ़कर भाग : रामदास फौगाट
खाप फौगाट के प्रधान रामदास फौगाट सहित कार्यकारिणी सदस्य भी पंचायत में विरोध प्रदर्शन के लिए समर्थन देने पहुंचे। प्रधान रामदास फौगाट ने कहा कि 27 नवंबर के प्रदर्शन में खाप भी बढ़-चढ़कर भाग लेगी। उन्होंने कहा कि खाप के गांवों से भी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की भावना के साथ खिलवाड़ गलत है।

नगर परिषद कार्यकारिणी भी विरोध प्रदर्शन में लेगी भाग : संजय छपारिया
नगर परिषद चेयरमैन संजय छपारिया, पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र सांगवान, विनोद वाल्मीकि, प्रवीन सैनी, कुलदीप गांधी, रोहित चौहान, दिनेश जांगड़ा व कृष्ण कुमार सहित समर्थन देने पहुंचे। चेयरमैन संजय छपारिया ने कहा कि 27 नवंबर के विरोध प्रदर्शन में पूरी नप कार्यकारिणी शामिल होगी। उन्होंने इसके लिए पंवार खाप-32 पदाधिकारियों को आश्वस्त भी किया है।
विज्ञापन

विरोध प्रदर्शन के लिए पूर्णतया तैयार : सतपाल सिंह
पंवार खाप-32 प्रधान ठाकुर सतपाल सिंह ने कहा कि खाप कमेटी करीब 20 गांवों में जनसंपर्क अभियान चला चुकी है और यह आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है और क्षेत्र की बड़ी खापों सहित सामाजिक संगठन भी इसे अपना समर्थन दे चुके हैं। 27 नवंबर को सैकड़ों की तादाद में लोग विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें