बिजली-पानी पर कांग्रेस का प्रदर्शन 20 को
चरखी दादरी।
पूर्व कांग्रेसी सांसद श्रुति चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय बंसीलाल ईमानदार एवं स्वच्छ छवि के राजनेता थे, वे केंद्र में रेलवे मंत्री व डिफेंस मंत्री भी रहे तथा कई बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। भिवानी में बनने जा रहे मेडिकल कॉलेज से बंसीलाल का नाम हटाकर भाजपा सरकार ने बदले की भावना का परिचय दिया है। ये विचार उन्होंने शहर की अग्रसेन धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर इसका श्रेय खुद लेना चाहती है जबकि 2013-14 में कांग्रेस के कार्यकाल में इस मेडिकल कालेज को केंद्र से मंजूरी मिली थी। उन्होंने यह भी कहा कि आज प्रदेश भर में बिजली व पानी की समस्या बनी हुई है। इसके विरोध में 20 अगस्त को चरखी दादरी में किसान, मजदूर आक्रोश रैली का आयोजन किया जाएगा।
श्रुति चौधरी ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। 70 प्रतिशत जनसंख्या खेती पर आश्रित है मगर सरकार कृषक एवं कृषि की हालत सुधारना नहीं चाहती। भाजपा केवल चंद अमीर घरानों की सरकार बन कर रह गई है। आम आदमी पर महंगाई की मार बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जीएसटी प्रारूप ऐसा है जिससे आम आदमी पर महंगाई की मार पड़ेगी। इस मौके पर पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, सुरेंद्र परमार, प्रदेश कांग्रेस सचिव अजीत फौगाट, रणधीर घिकाड़ा, सरपंच उदय, पूर्व चेयरमैन प्रवीन, सुरेंद्र जाखड़, बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट दयानंद, अजीत भागवी, रामकुमार बीईओ, सुशील, बदन छपार उपस्थित थे।