अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के तीन दिवसीय रोहतक दौरे के बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा का रोहतक का ही राजनीतिक किला ध्वस्त नहीं होगा। बल्कि कांग्रेस का बड़े से बड़ा किला ढह जाएगा। उक्त बातें बराला ने झज्जर में मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
बराला ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं को भी सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अभी ऐसा कुछ नहीं है। हालांकि उन्होंने यह कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई राज्यों के पूर्व सीएम भाजपा में शामिल हुए हैं। लेकिन हुड्डा को लेकर पार्टी में अभी ऐसा कुछ नहीं है।
बराला बोले भाजपा के दरवाजे खुले हैं लेकिन भाजपा को अपनी मंजिल भी खुद पता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि साल 2019 का चुनाव भाजपा मनोहर लाल के नेतृत्व में लडे़गी और अपने दम पर ही एक बार फिर से हरियाणा में सरकार बनाएगी।
इससे पूर्व बराला ने झज्जर के डीआरडीए हाल में पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों की बैठक ली। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, जिला परिषद अध्यक्ष परमजीत सोलधा, युवा मोरचा अध्यक्ष योगेश सिलानी, डॉ. धर्मेंद्र, प्रवीण गर्ग, उमेश नंदवानी आदि मौजूद रहे।
- झज्जर में बोले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला
- कहा : हुड्डा भी आएं तो खुले हैं भाजपा के दरवाजे